पटना : बिहार की राजधानी पटना से सटे बिहटा में 23 वर्षीय शिक्षिका की मौत का मामला सामने आया है। शिक्षिका ने दो दिन पहले ही एक निजी स्कूल के संचालक देव कुमार मेहता पर शादी का झांसा देकर करीब तीन साल तक यौन शोषण करने का आरोप लगाया था। सोमवार को अपने घर में उसकी मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, शिक्षिका ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने आरोपी स्कूल संचालक देव कुमार मेहता (45) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मंदिर में शादी का दावा, तीन साल तक शोषण का आरोप
शिक्षिका ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया था कि स्कूल संचालक ने उसके साथ मंदिर में शादी की थी, लेकिन इस रिश्ते को सार्वजनिक नहीं किया। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने कोर्ट में शादी करने का भरोसा देकर करीब तीन साल तक उसका यौन शोषण किया। शिकायत में यह भी बताया गया कि बाद में शिक्षिका को आरोपी के पहले से शादीशुदा होने की जानकारी मिली। इसके बाद उसने स्कूल संचालक से इस संबंध में जवाब मांगा और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
21 नवंबर को दर्ज कराई थी शिकायत, आरोपी गिरफ्तार
मिली जानकारी के अनुसार, शिक्षिका ने 21 नवंबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 22 नवंबर को आरोपी देव कुमार मेहता को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे जेल भेज दिया गया। इसी बीच सोमवार को शिक्षिका की मौत की सूचना पुलिस को मिली। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
पुलिस आवेदन में शिक्षिका ने बताई थी पारिवारिक स्थिति
शिक्षिका ने अपने आवेदन में परिवार की आर्थिक स्थिति और निजी परिस्थितियों का भी उल्लेख किया था। उसने बताया था कि वह आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आती थी और अपने छोटे भाई के साथ रहकर एक निजी स्कूल में पढ़ाती थी। इसी काम से वह घर का खर्च चलाती थी। आवेदन के अनुसार, मां की मौत के बाद उसके पिता ने दूसरी शादी कर ली थी और बिहार से बाहर रहने लगे थे। शिक्षिका ने अपनी शिकायत में सामाजिक बदनामी और भविष्य को लेकर चिंता भी जाहिर की थी।
पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार
दानापुर-2 के एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार झा के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद सोमवार को उसे जेल भेजा गया था। इसी दौरान शिक्षिका की मौत की सूचना मिली। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शिक्षिका की मौत से पहले की परिस्थितियां क्या थीं और शिकायत से जुड़े घटनाक्रम का इससे कोई संबंध है या नहीं।














