मौसमक्रिकेटऑपरेशन सिंदूरक्रिकेटस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेशराशिफलआध्यात्मिकअन्य
Advertisement

झारखंड में आज भी छाए रहेंगे बादल, सुबह कोहरा और हल्की बारिश के आसार; मंगलवार से बदलेगा मौसम

---Advertisement---

रांची : झारखंड में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर अब भी देखने को मिल रहा है। शनिवार को राज्य के कई जिलों में दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। खराब मौसम और घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ। कम दृश्यता की वजह से रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर विमान सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित रहीं। यहां 20 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि तीन विमानों को दूसरे शहरों की ओर डायवर्ट किया गया। लगातार बारिश से तापमान में गिरावट आई है, जिससे सुबह और रात के समय ठंड के साथ कनकनी बढ़ गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, रविवार यानी 22 नवंबर को सुबह कई इलाकों में कोहरा छाया रह सकता है। हालांकि, सुबह 10 बजे के बाद धूप निकलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। सोमवार तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने के आसार हैं, जबकि मंगलवार से आसमान साफ होने की उम्मीद है।

रांची एयरपोर्ट पर 20 उड़ानें रद्द, तीन विमान डायवर्ट

खराब मौसम का सबसे ज्यादा असर रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर देखने को मिला। शनिवार को कम दृश्यता के कारण विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ में परेशानी हुई। एयरपोर्ट पर दृश्यता 800 से 1200 मीटर के बीच दर्ज की गई। मौसम खराब रहने के कारण कुल 20 विमान सेवाएं रद्द करनी पड़ीं। आगमन और प्रस्थान को मिलाकर 40 उड़ानें प्रभावित हुईं। पहले से रद्द 14 उड़ानों के अलावा दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु रूट पर एयर इंडिया एक्सप्रेस की छह उड़ानें भी रद्द कर दी गईं। इससे छह हजार से अधिक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, इंडिगो की हैदराबाद-रांची और एयर इंडिया की बेंगलुरु-रांची उड़ान को कोलकाता डायवर्ट किया गया। इसके अलावा इंडिगो की अहमदाबाद-रांची-पटना उड़ान को गया भेज दिया गया। शनिवार को पूरे दिन में केवल चार विमान ही रांची एयरपोर्ट पर उतर सके। दूसरी ओर, ट्रेनों की रैक देर से पहुंचने के कारण रेलवे ने रविवार, 22 नवंबर को राउरकेला-भुवनेश्वर इंटरसिटी एक्सप्रेस को रद्द कर दिया है।

बारिश से धान और सब्जियों की फसल को नुकसान की आशंका

चक्रवाती तूफान का असर केवल रांची तक सीमित नहीं रहा। कोल्हान, संताल परगना और कोयलांचल के कई जिलों में भी बारिश दर्ज की गई। जमशेदपुर में लगातार बारिश के कारण सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रही। बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ देखने को मिली। लगातार बारिश से खेतों में तैयार धान की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। इसके अलावा दलहन, तिलहन और सब्जियों की खेती पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) की वैज्ञानिक डॉ. प्रज्ञा कुमारी ने किसानों को मौसम सामान्य होने तक धान की कटाई रोकने की सलाह दी है। वहीं, सब्जियों को बारिश से बचाने के लिए प्लास्टिक से ढककर रखने की अपील की गई है।

आज सुबह कोहरा, 10 बजे के बाद निकल सकती है धूप

मौसम केंद्र रांची के पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार सुबह झारखंड के कई हिस्सों में कोहरा और धुंध छाई रह सकती है। हालांकि, सुबह 10 बजे के बाद आसमान साफ होने और धूप निकलने की संभावना है। इसके बावजूद राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। सोमवार को भी दक्षिणी झारखंड के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी और सुबह के समय धुंध रहने का अनुमान है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने से सुबह और रात के समय ठंड अधिक महसूस होगी। ऐसे में लोगों को मौसम के अनुसार सावधानी बरतने की जरूरत है।

कमजोर पड़ा चक्रवाती तूफान अकवान, कई राज्यों में अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ कमजोर होकर शनिवार सुबह उत्तरी आंतरिक ओडिशा के ऊपर कम दबाव वाले क्षेत्र में बदल गया। हालांकि, इसके प्रभाव से देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। वहीं, 23 से 27 नवंबर के बीच तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। झारखंड में फिलहाल सोमवार तक मौसम का असर बने रहने का अनुमान है। राहत की बात यह है कि मंगलवार से आसमान साफ होने और मौसम सामान्य होने की उम्मीद है।

Meenu

Reporter  |  Nation Times

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

और पढ़ें

झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र से पहले CM हेमंत सोरेन आज विधायकों के साथ करेंगे बैठक

पैकेज्ड पानी के सैंपल पर विवाद, बिसलेरी ने जारी किया बयान; कहा- हमारे उत्पाद पीने के लिए सुरक्षित

मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मधु कोड़ा के सहयोगी मनोज पुनमिया को राहत, जब्त सामान लौटाने की मिली अनुमति

झारखंड में बढ़ेगी ठंड, अगले 3 दिनों में 5 डिग्री तक गिरेगा तापमान; सुबह कोहरे का येलो अलर्ट

झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस पर स्पीकर का संकल्प, कहा- अंतिम व्यक्ति की आवाज सदन तक पहुंचाना प्राथमिकता

जेलर उमाशंकर पांडेय हत्याकांड में नया मोड़, अखिलेश सिंह ने 2002 की गिरफ्तारी को बनाया बचाव का आधार

Leave a Comment