- स्नातक स्तर पर मुख्य विषय होना अनिवार्य नहीं, सहायक विषय वाले अभ्यर्थी भी नियुक्ति के पात्र; सरकार को 8 सप्ताह में नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश
रांची : झारखंड में स्नातक प्रशिक्षित शिक्षक (TGT) बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। झारखंड हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि शिक्षक नियुक्ति के लिए संबंधित विषय का स्नातक स्तर पर मुख्य विषय होना अनिवार्य नहीं है। सहायक विषय (Subsidiary Subject) के रूप में संबंधित विषय की पढ़ाई करने वाले अभ्यर्थी भी नियुक्ति के पात्र होंगे।जस्टिस दीपक रोशन की अदालत ने इस मामले में दो अभ्यर्थियों की याचिका स्वीकार करते हुए माध्यमिक शिक्षा निदेशक की ओर से 20 अक्टूबर 2021 को जारी पत्र के खंड-5 को रद्द कर दिया। कोर्ट ने सरकार को संबंधित अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया 8 सप्ताह के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया है।
मुख्य विषय की अनिवार्यता पर कोर्ट ने दिया फैसला
यह मामला इतिहास, नागरिक शास्त्र समेत अन्य विषयों में स्नातक प्रशिक्षित शिक्षक नियुक्ति की योग्यता से जुड़ा है। विभागीय निर्देश के अनुसार, संबंधित विषय को स्नातक स्तर पर मुख्य विषय के रूप में पढ़ना अनिवार्य माना जा रहा था। इसके कारण सहायक विषय के रूप में संबंधित विषय की पढ़ाई करने वाले अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रभावित हो रही थी। हाईकोर्ट ने माध्यमिक शिक्षा निदेशक के 20 अक्टूबर 2021 के पत्र के खंड-5 को निरस्त करते हुए स्पष्ट किया कि केवल मुख्य विषय होने की शर्त के आधार पर अभ्यर्थियों को नियुक्ति से वंचित नहीं किया जा सकता।
यदुलाल चौधरी और गोरखनाथ विश्वकर्मा की याचिका पर फैसला
हाईकोर्ट का यह फैसला यदुलाल चौधरी और गोरखनाथ विश्वकर्मा की ओर से दायर याचिका पर आया है। यह मामला झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की ओर से 28 दिसंबर 2016 को जारी स्नातक प्रशिक्षित शिक्षक नियुक्ति विज्ञापन से संबंधित है।अदालत ने दोनों अभ्यर्थियों को राहत देते हुए राज्य सरकार को 8 सप्ताह के भीतर उनकी नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है। इस फैसले से सहायक विषय के आधार पर शिक्षक नियुक्ति की पात्रता को लेकर चल रहे विवाद पर महत्वपूर्ण स्थिति स्पष्ट हुई है।






