जमशेदपुर : झारखंड के जमशेदपुर में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पीएंडएम मॉल के पास बिष्टुपुर-आदित्यपुर गोलचक्कर के समीप स्कूली बच्चों को लेकर जा रहे CNG ऑटो में अचानक आग लग गई। वाहन से धुआं और आग की लपटें निकलती देख चालक ने तुरंत ऑटो रोक दिया और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आसपास मौजूद लोगों ने भी बच्चों को बाहर निकालने में मदद की। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी बच्चे के घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, कुछ ही देर में आग ने पूरे ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। वाहन में रखे बच्चों के स्कूल बैग, किताबें और कॉपियां जलकर राख हो गईं।
स्कूल जाते समय ऑटो में लगी आग
जानकारी के अनुसार, घटना बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे की है। ऑटो बच्चों को लेकर स्कूल जा रहा था। इसी दौरान आदित्यपुर पुल गोलचक्कर के पास वाहन से अचानक धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते ऑटो में आग की लपटें उठने लगीं। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए चालक ने तत्काल वाहन रोक दिया और सभी बच्चों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। चालक की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की मदद से सभी बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया।
दमकल की टीम ने आग पर पाया काबू
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान गोलचक्कर के पास कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
CNG किट या वायरिंग में खराबी से आग लगने की आशंका
फिलहाल ऑटो में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती आशंका जताई जा रही है कि CNG किट या वाहन की इलेक्ट्रिकल वायरिंग में तकनीकी खराबी के कारण शॉर्ट सर्किट हुआ होगा। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। राहत की बात यह रही कि चालक ने समय रहते सूझबूझ दिखाई और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। यदि थोड़ी भी देर होती तो हादसा और गंभीर हो सकता था।












