रांची : दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में 30 सितंबर को हवा में गंभीर घटना सामने आई। विमान को बाद में सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। इस घटना में भारतीय कैप्टन स्मित माछर घायल हुए। घटना के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उनके साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।
हेमंत सोरेन ने की कैप्टन स्मित माछर की तारीफ
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए अपनी जान की परवाह किए बिना कैप्टन स्मित माछर ने जिस साहस, धैर्य और सूझबूझ का परिचय दिया, वह सराहनीय है। उन्होंने मरांग बुरु से कैप्टन माछर के जल्द और पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना की। भारतीय दूतावास की ओर से भी उनकी स्थिति को स्थिर बताया गया है और कहा गया है कि उन्हें जरूरी चिकित्सा सहायता मिल रही है।
फ्लाइट में क्या हुआ था?
फ्लाईदुबई की FZ1073 फ्लाइट दुबई से तेल अवीव जा रही थी। रिपोर्टों के मुताबिक, विमान करीब 34 हजार फीट की ऊंचाई पर था, तभी कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच हिंसक घटना हुई। इसके बाद विमान की ऊंचाई तेजी से कम हुई और फ्लाइट को ताबुक की ओर मोड़कर आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक विमान कुछ ही सेकंड में करीब 14,300 फीट नीचे आ गया था। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अन्य अधिकारियों के बयानों के मुताबिक, सह-पायलट ने कैप्टन पर हमला किया और विमान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। हालांकि, घटना की पूरी वजह और घटनाक्रम की आधिकारिक जांच जारी है। फ्लाईदुबई ने भी कहा है कि विमान सुरक्षित रूप से ताबुक पहुंचा और सभी यात्री सुरक्षित हैं।

घायल होने के बावजूद कॉकपिट का दरवाजा खुलवाया
रिपोर्टों के अनुसार, घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित माछर कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे। इसके बाद यात्रियों और क्रू के सदस्यों ने हमलावर को काबू करने में मदद की। विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बताया गया है।
कौन हैं कैप्टन स्मित माछर?
स्मित माछर फ्लाईदुबई के बोइंग 737 बेड़े में कैप्टन हैं। उपलब्ध प्रोफाइल के अनुसार, वह जून 2022 में फ्लाईदुबई से जुड़े थे। इससे पहले उन्होंने स्पाइसजेट में करीब 11 साल काम किया था, जहां उन्होंने सीनियर कमांडर और लाइन ट्रेनिंग कैप्टन की जिम्मेदारी संभाली थी। उनके प्रोफाइल में बोइंग 737 विमानों पर 9,750 घंटे से अधिक का उड़ान अनुभव दर्ज है। फिलहाल घटना की जांच संबंधित एजेंसियां कर रही हैं। फ्लाईदुबई ने यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा है कि जांच में सामने आने वाली पुष्ट जानकारी के आधार पर आगे अपडेट दिया जाएगा।










