मौसम क्रिकेट ऑपरेशन सिंदूर क्रिकेट स्पोर्ट्स बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल देश विदेश राशिफल आध्यात्मिक अन्य
Advertisement

साहिबगंज में संदिग्ध हालत में महिला की मौत, सुबह घर में मिला शव; मायके वालों ने जताई हत्या की आशंका

---Advertisement---

साहिबगंज : झारखंड के साहिबगंज जिले में 47 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना तीनपहाड़ थाना क्षेत्र की वृंदावन पंचायत स्थित कडमबा टोला गांव की है। मृतका की पहचान होपन सोरेन उर्फ रुदनी सोरेन के रूप में हुई है। मंगलवार की रात वह अपनी भैंस को चारा देकर सोने गई थीं। बुधवार की सुबह उनका शव घर के अंदर मिला। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो पाया है। वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताई है।

भैंस को चारा देकर सोने गई थीं महिला

जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम तक होपन सोरेन के घर में सबकुछ सामान्य था। रोजमर्रा के काम निपटाने के बाद उन्होंने अपनी भैंस को चारा दिया और घर के अंदर सोने चली गईं। बताया जाता है कि उस समय उनका बेटा विष्णु बेसरा कल्याणचक मेला देखने गया हुआ था। बुधवार की सुबह जब बेटा घर लौटा, तो मां को मृत अवस्था में देखकर उसके होश उड़ गए। इसके बाद उसने आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। खबर मिलते ही गांव के लोग मौके पर जुट गए। महिला की अचानक हुई मौत से पूरे इलाके में चर्चा शुरू हो गई।

बेटे-बहू से विवाद का आरोप, मायके वालों को हत्या का शक

होपन सोरेन की संदिग्ध मौत के बाद उनके मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताई है। मायके वालों का आरोप है कि महिला का अपने बेटे और बहू के साथ अक्सर विवाद होता रहता था। परिजनों के मुताबिक, बेटे को संतान नहीं होने को लेकर परिवार में अंधविश्वास और ओझा-गुणी से जुड़ी बातें भी विवाद की वजह बनती थीं। मायके पक्ष को आशंका है कि इसी पारिवारिक विवाद के कारण महिला की हत्या की गई हो सकती है। हालांकि, परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही महिला की मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद तीनपहाड़ थाना प्रभारी गौरव भगत और एएसआई प्रदीप यादव पुलिस बल के साथ कडमबा टोला पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों को भी सूचना दी गई। इसके बाद राजमहल पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन के अनुसार, महिला की मौत के मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पारिवारिक विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। इधर, गांव में महिला की संदिग्ध मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। ग्रामीणों को अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के नतीजों का इंतजार है।

Meenu

Reporter  |  Nation Times

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment