रांची : झारखंड सरकार ने वन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने भारतीय वन सेवा (IFS) के कुल 39 अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापना से संबंधित अधिसूचना जारी की है। 10 नवंबर 2026 को जारी इस आदेश में कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को प्रोन्नति देकर महत्वपूर्ण पदों पर पदस्थापित किया गया है। इस फेरबदल के तहत अनुसंधान एवं प्रशिक्षण, CAMPA, मानव संसाधन विकास, वन विकास निगम, क्षेत्रीय वन प्रशासन और विभिन्न वन प्रमंडलों में अधिकारियों की नई तैनाती की गई है।
वरिष्ठ IFS अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार प्रमुख अधिकारियों की नई पदस्थापना इस प्रकार है:
1. राजकुमार बाजपेयी (1994 बैच): इन्हें अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक, अनुसंधान एवं प्रशिक्षण, झारखंड, रांची के पद पर पदस्थापित किया गया है। इसके अतिरिक्त इन्हें उत्तरी छोटानागपुर, पलामू, हजारीबाग, दक्षिणी छोटानागपुर (रांची) और संथाल परगना (दुमका) के प्रसार वानिकी के अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

2. जब्बर सिंह (1995 बैच): इन्हें स्थानांतरित करते हुए अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक, CAMPA, झारखंड, रांची बनाया गया है।
3. कर्मा जिम्पा भुटिया (1997 बैच): इनकी कल्याण विभाग में विशेष सचिव के पद पर राज्य प्रतिनियुक्ति समाप्त कर दी गई है। अब इन्हें अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक, मानव संसाधन विकास, रांची के पद पर पदस्थापित किया गया है। साथ ही झारपार्कस, रांची के मुख्य कार्यकारी अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
4. सिद्धार्थ त्रिपाठी (1999 बैच): इन्हें झारखंड राज्य वन विकास निगम लिमिटेड, रांची का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।
5. एस.आर. नटेश (2003 बैच): इन्हें मुख्य वन संरक्षक, सतर्कता, झारखंड, रांची का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
प्रोन्नति के बाद इन अधिकारियों की बदली जिम्मेदारी
अधिसूचना में कई अधिकारियों को प्रोन्नति देते हुए नई पदस्थापना की गई है।
6. पी.आर. नायडू (2008 बैच): इन्हें पे मैट्रिक्स लेवल-14A में प्रोन्नति देते हुए क्षेत्रीय मुख्य वन संरक्षक, रांची बनाया गया है। इसके साथ ही भगवान बिरसा जैविक उद्यान, ओरमांझी के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
7. सबा आलम अंसारी (2011 बैच): इन्हें पे मैट्रिक्स लेवल-13A में प्रोन्नति देकर वन संरक्षक, प्रादेशिक अंचल, रांची के पद पर पदस्थापित किया गया है।
8. अभिषेक कुमार (2011 बैच): इन्हें प्रोन्नति के बाद वन संरक्षक, प्रादेशिक अंचल, जमशेदपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
9. डॉ. विजय शंकर दूबे (2012 बैच): इन्हें प्रोन्नति देते हुए वन संरक्षक, प्रादेशिक अंचल, मेदिनीनगर बनाया गया है।
10. सौरभ चन्द्रा (2012 बैच): इन्हें प्रोन्नति के बाद वन संरक्षक, प्रादेशिक अंचल, देवघर के पद पर पदस्थापित किया गया है।
वन प्रमंडल पदाधिकारियों का भी तबादला
राज्य के विभिन्न वन प्रमंडलों में भी अधिकारियों की नई तैनाती की गई है। प्रमुख बदलाव इस प्रकार हैं:
- अविरूप सिन्हा (2016 बैच): सारंडा वन प्रमंडल से स्थानांतरित कर वन प्रमंडल पदाधिकारी (DFO), लातेहार बनाया गया है।
- मुकेश कुमार (2016 बैच): चतरा दक्षिणी से स्थानांतरित कर दुमका वन प्रमंडल का DFO बनाया गया है।
- विकास पालीवाल (2017 बैच): धनबाद से स्थानांतरित कर हजारीबाग पश्चिमी वन प्रमंडल भेजे गए हैं।
- राहुल कुमार (2017 बैच): जामताड़ा से स्थानांतरित कर बोकारो वन प्रमंडल में पदस्थापित किए गए हैं।
- सात्विक (2018 बैच): दुमका से स्थानांतरित कर गुमला वन प्रमंडल का DFO बनाया गया है।
- राहुल मीणा (2019 बैच): चतरा उत्तरी से स्थानांतरित कर रांची वन प्रमंडल का DFO नियुक्त किया गया है।
- अनुराधा मिश्रा (2023 बैच): लोहरदगा वन प्रमंडल की नई DFO बनाई गई हैं।
- मोहित कुमार बंसल (2023 बैच): जामताड़ा वन प्रमंडल के नए DFO नियुक्त किए गए हैं।
जिन अधिकारियों की नई पोस्टिंग नहीं हुई, उन्हें मुख्यालय में योगदान देने का निर्देश
विभाग की ओर से जारी आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिन अधिकारियों के वर्तमान पद पर नए अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है, लेकिन उनकी नई पदस्थापना नहीं की गई है, वे विभागीय मुख्यालय में अपना योगदान सुनिश्चित करेंगे। सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को राज्य के वन प्रशासन को व्यवस्थित करने और विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर नई जिम्मेदारियां तय करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।








