जामताड़ा : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को सोमवार रात जामताड़ा में ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एंबुलेंस की देरी और स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए। ग्रामीणों का आरोप था कि दुर्घटना के बाद सूचना देने के बावजूद करीब दो घंटे तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। नाराज लोगों ने गोविंदपुर-साहिबगंज राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। इस दौरान मंत्री इरफान अंसारी को भी ग्रामीणों की नाराजगी झेलनी पड़ी।
युवक की मौत के बाद चार घंटे तक हाईवे जाम
जानकारी के अनुसार, गोविंदपुर-साहिबगंज राष्ट्रीय राजमार्ग पर पबिया के केंदुआडीह के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 24 वर्षीय आकाश सोरेन की मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और रात करीब 8:30 बजे सड़क पर उतरकर जाम लगा दिया। ग्रामीण मृतक के परिजनों के लिए मुआवजे और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग कर रहे थे। करीब चार घंटे तक हाईवे पर आवागमन बाधित रहा। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर लगभग पांच किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।
मंत्री इरफान अंसारी के सामने ग्रामीणों ने उठाए सवाल
घटना की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी मौके पर पहुंचे। यहां ग्रामीणों ने उन्हें घेरकर अपनी समस्याएं बताईं। लोगों का आरोप था कि हादसे के बाद एंबुलेंस पहुंचने में करीब दो घंटे की देरी हुई। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आम वाहनों की जांच और सड़क सुरक्षा पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता, जबकि बालू लदे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई पर ज्यादा जोर रहता है। ग्रामीणों के विरोध और नाराजगी के बीच मंत्री को मौके से लौटना पड़ा। बाद में पुलिस की ओर से कार्रवाई का आश्वासन और तत्काल आर्थिक सहायता मिलने के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया।
जामताड़ा में लगातार हो रहे सड़क हादसे
जिले में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला लगातार जारी है। इसी रात जामताड़ा थाना क्षेत्र के पोसोई मोड़ के पास ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। हादसे में नारायणपुर थाना क्षेत्र के खरगोकुड़ी निवासी गांधी मासी कॉल रजक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें जामताड़ा सदर अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, सोमवार दोपहर फतेहपुर थाना क्षेत्र के डुमरिया के पास हुई एक अन्य सड़क दुर्घटना में कठबरारी, करमाटांड़ स्थित मध्य विद्यालय के पारा शिक्षक चेतलाल मंडल की मौत हो गई।लगातार हो रहे हादसों और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में कथित लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा के साथ-साथ समय पर एंबुलेंस उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग उठाई है।












