- फर्जी प्रोफाइल बनाकर अधिकारियों और आम लोगों को भेजे जा रहे संदेश, प्रशासन ने सतर्क रहने और संदिग्ध अकाउंट को रिपोर्ट करने की अपील की
बोकारो : साइबर अपराधियों ने अब बोकारो के उपायुक्त (DC) अजय नाथ झा की पहचान का दुरुपयोग करना शुरू कर दिया है। उनके नाम और तस्वीर का इस्तेमाल कर WhatsApp और Facebook पर फर्जी अकाउंट बनाए गए हैं। इस मामले को लेकर जिला प्रशासन ने आम नागरिकों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को सतर्क रहने की अपील की है। जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर को उपायुक्त के नाम से फर्जी WhatsApp अकाउंट बनाए जाने का मामला सामने आया था। इसके अगले दिन यानी 17 नवंबर को Facebook पर भी उनकी आधिकारिक तस्वीर का इस्तेमाल कर फर्जी प्रोफाइल तैयार की गई। जिला जनसंपर्क कार्यालय ने दोनों मामलों में अलग-अलग विज्ञप्ति जारी कर लोगों को आगाह किया है।
फर्जी नंबर से भेजे जा रहे संदेश, प्रशासन ने बताया आधिकारिक नंबर
जिला प्रशासन के अनुसार, साइबर अपराधियों ने उपायुक्त अजय नाथ झा की तस्वीर का इस्तेमाल कर मोबाइल नंबर +91 9739811309 से फर्जी WhatsApp अकाउंट बनाया है। इस अकाउंट के जरिए अधिकारियों और आम नागरिकों को संदेश भेजे जाने की जानकारी मिली है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह उपायुक्त का आधिकारिक मोबाइल नंबर नहीं है। बोकारो DC का आधिकारिक संपर्क नंबर 9470526005 है। इसके अलावा Facebook पर भी उनके नाम और आधिकारिक तस्वीर के साथ फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जा रही है।
पैसे मांगने या संदिग्ध लिंक भेजने पर रहें सतर्क
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि फर्जी अकाउंट से पैसे मांगे जाने, किसी तरह का प्रलोभन दिए जाने या संदिग्ध लिंक भेजे जाने पर भरोसा न करें। ऐसे अकाउंट को तुरंत ब्लॉक करें और संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रिपोर्ट करें। प्रशासन ने बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड, OTP और अन्य निजी विवरण किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी है।
साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत
प्रशासन ने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने या ठगी की कोशिश किए जाने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें। इसके अलावा आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। जरूरत पड़ने पर नजदीकी थाना या साइबर थाना में भी शिकायत की जा सकती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी संदिग्ध संदेश या गतिविधि पर भरोसा करने से पहले संबंधित व्यक्ति या कार्यालय से आधिकारिक पुष्टि जरूर कर लें।












