- कृषि सचिव अबू बकर सिद्दीकी ने 500 एकड़ में बागवानी की योजना बनाने का दिया सुझाव; जिले में चाय की खेती को बढ़ावा देने की भी तैयारी
गुमला : जिले के नगर भवन में उद्यान विभाग की ओर से दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें किसानों को राष्ट्रीय बागवानी मिशन (MIDH) के तहत खेत बचाओ अभियान और झारखंड उन्नत बागवानी योजना की जानकारी दी गई। कार्यशाला का उद्देश्य किसानों को जैविक खेती, फल-सब्जी उत्पादन और बागवानी के लिए प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम में राज्य के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के सचिव अबू बकर सिद्दीकी, उपायुक्त दिलेश्वर महतो, डीएफओ सात्विक, जिला परिषद उपाध्यक्ष संयुक्ता देवी और उद्यान विभाग के उपनिदेशक समेत कई अधिकारी शामिल हुए।
मिट्टी की उर्वरता बचाने के लिए जैविक खेती पर जोर
कार्यशाला को संबोधित करते हुए कृषि सचिव अबू बकर सिद्दीकी ने कहा कि वर्तमान में जिस जमीन पर किसान खेती कर रहे हैं, उस पर आने वाली पीढ़ियों का भी अधिकार है। इसलिए मिट्टी की उर्वरता और जमीन की गुणवत्ता बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने किसानों से रासायनिक खाद और कीटनाशकों का कम से कम इस्तेमाल करने तथा जैविक खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसानों को पारंपरिक खेती के साथ सब्जी, फल और फूलों की खेती पर भी ध्यान देना चाहिए। इसके अलावा मछली पालन, अंडा उत्पादन और दुग्ध उत्पादन के जरिए आमदनी के नए स्रोत विकसित किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि उद्यानिकी के क्षेत्र में रोजगार और आय बढ़ाने की काफी संभावनाएं हैं। योजनाबद्ध तरीके से खेती कर किसान अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकते हैं।
500 एकड़ में बागवानी की योजना बनाने का सुझाव
कृषि सचिव ने जिला उद्यान पदाधिकारी तमन्ना परवीन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि गुमला में किसानों को जोड़कर सब्जी, फल और फूलों की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके लिए कृषि, उद्यान, मत्स्य और वन विभाग को मिलकर संयुक्त कार्ययोजना तैयार करनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि 500 एकड़ भूमि में बागवानी से जुड़ी योजना तैयार कर सरकार को प्रस्ताव भेजा जाता है, तो उसके लिए जरूरी सहायता और राशि उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। सचिव ने विभाग की ओर से लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया और किसानों से बातचीत कर उनकी जरूरतों की जानकारी भी ली।

गुमला में चाय की खेती को बढ़ावा देने की तैयारी
उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने कहा कि गुमला की बड़ी आबादी की आजीविका कृषि पर निर्भर है। ऐसे में खेती के साथ मत्स्य पालन और पशुपालन को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में पहली बार चाय की खेती शुरू करने का प्रयास किया गया है। इसमें सफलता मिलने पर चाय उत्पादन किसानों के लिए आय का एक नया विकल्प बन सकता है। उन्होंने कहा कि उद्यान विभाग की योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। इन योजनाओं का लाभ मिलने से किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार हो सकता है।
किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
उद्यान विभाग के उपनिदेशक ने कहा कि कृषि के साथ बागवानी में भी रोजगार और आमदनी की व्यापक संभावनाएं हैं। किसानों को इन गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय बढ़ाई जा सकती है। वहीं, जिला परिषद उपाध्यक्ष संयुक्ता देवी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में परिवार कृषि पर निर्भर हैं। ऐसे में कृषि, उद्यान और मत्स्य विभाग की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना जरूरी है, ताकि किसानों को सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।

किसानों और वन समितियों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण
कार्यशाला के दौरान उद्यान विभाग की ओर से किसान लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। वन समितियों को भी परिसंपत्तियां दी गईं। इसके अलावा किसानों की ओर से लगाए गए विभिन्न स्टॉल का अधिकारियों ने निरीक्षण किया और लाभुकों से बातचीत कर उनकी जरूरतों एवं योजनाओं के लाभ की जानकारी ली। जिला उद्यान पदाधिकारी तमन्ना परवीन ने बताया कि विभाग का प्रयास किसानों को विभिन्न योजनाओं से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। जिले में सब्जी और फल की खेती का विस्तार करने के साथ चाय उत्पादन को लेकर भी कार्ययोजना तैयार की जा रही है। कार्यशाला में बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।













