- 25 और 26 नवंबर को होने वाले विशेष सत्र की तैयारियों पर होगी चर्चा; MMDR संशोधन अधिनियम और SIR के मुद्दे पर सदन में सरकार की रणनीति को लेकर होगा मंथन
रांची : झारखंड विधानसभा के 25 और 26 नवंबर को होने वाले विशेष सत्र को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सत्र के दौरान उठाए जाने वाले मुद्दों और सदन में सरकार की रणनीति पर चर्चा के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को सत्ता पक्ष के मंत्रियों और विधायकों के साथ ऑनलाइन बैठक करेंगे। बैठक में विशेष सत्र के दौरान सरकार की भूमिका, विभिन्न मुद्दों पर पक्ष रखने की तैयारी और विधायकों की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री मंत्रियों और विधायकों के साथ सदन में सरकार की रणनीति को लेकर विचार-विमर्श करेंगे।
MMDR संशोधन और SIR पर होगी विशेष चर्चा
विधानसभा के विशेष सत्र में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम (MMDR) और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए जाने प्रस्तावित हैं। राज्य सरकार इन दोनों विषयों पर सदन में अपना पक्ष रखेगी। सरकार की तैयारी है कि चर्चा के दौरान इन मुद्दों से जुड़ी राज्य की चिंताओं और हितों को सामने रखा जाए।
सदन में विधायकों की भूमिका पर भी होगा मंथन
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में सत्ता पक्ष के मंत्रियों और विधायकों के बीच समन्वय पर भी चर्चा होगी। इसके अलावा सदन में सरकार का पक्ष प्रभावी तरीके से रखने और बहस के दौरान विधायकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने जैसे विषयों पर विचार किया जाएगा। बैठक का उद्देश्य विशेष सत्र से पहले सत्ता पक्ष की तैयारियों को अंतिम रूप देना है, ताकि 25 और 26 नवंबर को होने वाली कार्यवाही के दौरान सरकार दोनों प्रमुख मुद्दों पर अपना पक्ष रख सके।









