- FSSAI की कानूनी कार्रवाई की मंजूरी से जुड़ी खबरों के बीच कंपनी ने रखा पक्ष; सितंबर 2025 में गोवा प्लांट से लिए गए पानी के एक सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से अधिक मिली थी
रांची : पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर बनाने वाली कंपनी बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की ओर से कानूनी कार्रवाई की मंजूरी दिए जाने संबंधी खबरों पर अपना पक्ष रखा है। कंपनी का कहना है कि यह मामला करीब 14 महीने पुराना है और उसके उत्पाद पीने के लिए पूरी तरह सुरक्षित हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिसलेरी के पैकेज्ड पानी का एक सैंपल जांच में तय मानकों पर खरा नहीं उतरा था। इसके बाद FSSAI ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कंपनी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी। इन खबरों के सामने आने के बाद कंपनी ने बयान जारी कर सैंपल की जांच और उसके बाद हुई कार्रवाई का विवरण साझा किया है।
गोवा प्लांट के एक सैंपल में तय सीमा से अधिक मिला था ब्रोमेट
बिसलेरी के अनुसार, मामला सितंबर 2025 में गोवा स्थित उसके मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में तैयार किए गए एक बैच से जुड़ा है। यह प्लांट देशभर में कंपनी के 143 प्लांट्स में से एक है। कंपनी ने बताया कि 30 सितंबर 2025 को FSSAI ने गोवा प्लांट से पानी के छह सैंपल लिए थे। शुरुआती जांच में पांच सैंपल सभी निर्धारित मानकों पर खरे उतरे, जबकि छठे सैंपल में ब्रोमेट का स्तर 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाया गया। इसकी निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है।
दोबारा जांच में ब्रोमेट की मात्रा सीमा के भीतर मिली
कंपनी के मुताबिक, शुरुआती रिपोर्ट के बाद उसने 22 नवंबर 2025 को अपील दायर की। इसके बाद FSSAI ने सैंपल को रेफरल लैब में दोबारा जांच के लिए भेजा। दूसरी जांच में ब्रोमेट का स्तर तय सीमा के भीतर पाया गया, हालांकि लैब ने सैंपल में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) की मौजूदगी की बात कही। दोनों जांच रिपोर्ट में अंतर सामने आने के बाद बिसलेरी ने उसी सैंपल की एक FSSAI-मान्यता प्राप्त स्वतंत्र लैब में भी जांच कराई। कंपनी का दावा है कि इस जांच में ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर मिला।

कंपनी ने कहा- अब तक नहीं मिला कोई आधिकारिक नोटिस
बिसलेरी ने बताया कि स्वतंत्र लैब की रिपोर्ट और अपना औपचारिक पत्र 2 फरवरी 2026 को FSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय में जमा कराया गया था। कंपनी के अनुसार, इसके बाद उसे प्राधिकरण की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। इसी आधार पर कंपनी ने मान लिया था कि मामला बंद हो चुका है। कंपनी का यह भी कहना है कि उसे अब तक न तो ईमेल और न ही डाक के माध्यम से कोई आधिकारिक नोटिस मिला है। साथ ही, FSSAI की वेबसाइट पर भी ऐसा कोई नोटिस दिखाई नहीं दे रहा है।
10 चरणों की प्रक्रिया में 90 से अधिक गुणवत्ता जांच का दावा
अपने बयान में बिसलेरी ने कहा कि पेयजल की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। कंपनी के मुताबिक, उसकी 10 चरणों वाली निर्माण प्रक्रिया के दौरान 90 से अधिक गुणवत्ता परीक्षण किए जाते हैं। कंपनी ने ग्राहकों को भरोसा दिलाया है कि उसके उत्पाद पीने के लिए सुरक्षित हैं। साथ ही कहा है कि वह नियामक प्रक्रिया के तहत FSSAI को पूरा सहयोग करेगी।









