- रांची समेत 13 जिलों में सुबह घना कोहरा छाने की संभावना, रविवार को बारिश और खराब मौसम के कारण रांची एयरपोर्ट पर विमान परिचालन भी हुआ प्रभावित
रांची : झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। ‘अकवान’ का असर कम होने के बाद अब राज्य में ठंड बढ़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने सोमवार सुबह रांची समेत राज्य के 13 जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना जताई है। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, सुबह के बाद आसमान साफ होने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। तापमान में इस बदलाव के साथ सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ेगा।
13 जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद, गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में सुबह कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में सुबह के समय दृश्यता प्रभावित हो सकती है। ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
रांची में 12 डिग्री तक पहुंच सकता है न्यूनतम तापमान
मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, रांची के तापमान में भी लगातार गिरावट देखने को मिलेगी।

- 24 नवंबर: न्यूनतम तापमान 13 डिग्री और अधिकतम 25 डिग्री रहने का अनुमान।
- 25 नवंबर: न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम 25 डिग्री रह सकता है।
- 26 नवंबर: न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम 24 डिग्री रहने की संभावना है।
इस दौरान राज्य के अन्य जिलों में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
बारिश से विमान परिचालन हुआ प्रभावित
रविवार को रांची में 4.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि लातेहार में 2 मिमी बारिश हुई। खराब मौसम का असर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर विमान परिचालन पर भी पड़ा। इंडिगो की कोलकाता-रांची उड़ान रद्द रही। वहीं, दिल्ली, पुणे, कोलकाता, बेंगलुरु, मुंबई और हैदराबाद से रांची आने वाली नौ उड़ानें देरी से पहुंचीं। एयरलाइंस के एक अधिकारी के अनुसार, दूसरे राज्यों में खराब मौसम के कारण उड़ानों के परिचालन पर असर पड़ा। मौसम में बदलाव को देखते हुए सुबह के समय यात्रा करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट के साथ झारखंड में ठंड का असर और बढ़ सकता है।









