पटना : बिहार की राजधानी पटना में एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। हादसा अथमलगोला थाना क्षेत्र के सवनीमा पेट्रोल पंप के पास हुआ, जहां शादी समारोह से लौट रही बारातियों से भरी स्कॉर्पियो को तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाईवा ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो में सवार सात लोगों में से चार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में तीन महिलाएं शामिल हैं। वहीं, हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
बख्तियारपुर से बारात लेकर गांव लौट रहे थे सभी
जानकारी के अनुसार, बाढ़ थाना क्षेत्र के सिकंदरा गांव से बारात बख्तियारपुर के बेलथान गांव गई थी। शादी समारोह संपन्न होने के बाद बाराती स्कॉर्पियो से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान अथमलगोला थाना क्षेत्र के सवनीमा पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार हाईवा ने स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और राहत एवं बचाव कार्य में मदद की।
तीन गंभीर घायलों को PMCH किया गया रेफर
हादसे में घायल तीनों लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल बाढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) रेफर कर दिया गया। वहीं, पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर चारों मृतकों के शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सिकंदरा गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इस दर्दनाक सड़क हादसे की खबर मिलते ही सिकंदरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। शादी समारोह से खुशी-खुशी लौट रहे परिवारों पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों और हाईवा चालक की भूमिका को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।













