- शकूराबाद थाने से पकड़े गए बालकों को छोड़ने पहुंचे थे एसआई, हमले में दो लोगों के घायल होने की सूचना; सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
बिहार : जिले के बाल पर्यवेक्षण गृह में शुक्रवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब वहां विधि विरुद्ध बालकों को छोड़ने पहुंचे पुलिस अधिकारी के साथ मारपीट की घटना हुई। आरोप है कि गृह में पहले से रह रहे करीब 30 से 35 बालकों ने शकूराबाद थाना में पदस्थापित एसआई दीपक कुमार पर हमला कर दिया। घटना में एसआई समेत दो लोगों के घायल होने की सूचना है। घायल एसआई को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कुर्सी-मेज और लात-मुक्कों से किया हमला
मिली जानकारी के अनुसार, एसआई दीपक कुमार शुक्रवार शाम नियमानुसार पकड़े गए बालकों को बाल पर्यवेक्षण गृह में सुपुर्द करने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां पहले से रह रहे करीब 30 से 35 बालक एकजुट हो गए। आरोप है कि उन्होंने कुर्सी-मेज और लात-मुक्कों से एसआई तथा उनके साथ आए लोगों पर हमला कर दिया। एसआई दीपक कुमार के मुताबिक, मौके पर मौजूद दो-तीन लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद वे किसी तरह वहां से बाहर निकल सके। उनके साथ लाए गए बालक को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना में दो लोगों के घायल होने की बात सामने आई है।
CCTV फुटेज से होगी मामले की जांच
घटना के बाद बाल पर्यवेक्षण गृह की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। एसआई दीपक कुमार ने परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने की मांग की है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके। पुलिस अधिकारियों ने भी एसआई के साथ मारपीट की घटना की पुष्टि की है। फिलहाल घायल अधिकारी का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं। सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।











