मौसम क्रिकेट ऑपरेशन सिंदूर क्रिकेट स्पोर्ट्स बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल देश विदेश राशिफल आध्यात्मिक अन्य
Advertisement

चतरा में एवीएस कोल कंपनी के कार्यालय पर फायरिंग, राहुल दुबे गैंग के नाम से धमकी भरा पत्र वायरल

---Advertisement---

चतरा : झारखंड के चतरा जिले में कोयला कारोबार से जुड़ी कंपनी के कार्यालय पर फायरिंग की घटना सामने आई है। टंडवा थाना क्षेत्र के होन्हे गांव में बीती रात बाइक सवार तीन अपराधियों ने एवीएस कोल ट्रांसपोर्टिंग कंपनी के कार्यालय को निशाना बनाकर गोलीबारी की। घटना रात करीब 12:10 बजे की बताई जा रही है। फायरिंग के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घटना के बाद सोशल मीडिया पर राहुल दुबे गैंग के नाम से एक धमकी भरा पत्र वायरल हुआ है। इसमें गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वायरल पत्र की प्रामाणिकता की जांच की जा रही है।

बाइक सवार तीन अपराधियों ने कार्यालय पर चलाई गोलियां

जानकारी के मुताबिक, होन्हे गांव में आम्रपाली कोल परियोजना के पीओ कार्यालय और सीआईएसएफ कैंप के नजदीक एवीएस कोल ट्रांसपोर्टिंग कंपनी का कार्यालय स्थित है। घटना के समय कार्यालय परिसर में सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे। कंपनी के मुंशी राजेश प्रसाद के अनुसार, बाइक पर सवार होकर पहुंचे तीन अपराधियों ने अचानक कार्यालय पर फायरिंग शुरू कर दी। कंपनी की ओर से 10 से 12 राउंड गोलियां चलाए जाने की बात कही गई है। घटना की सूचना मिलते ही टंडवा थाना पुलिस और सीआईएसएफ की टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी।

राहुल दुबे गैंग के नाम से धमकी भरा पत्र वायरल

फायरिंग की घटना के बाद सोशल मीडिया पर राहुल दुबे गैंग के नाम से एक कथित प्रेस विज्ञप्ति वायरल हुई है। इसमें गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पत्र में अमन साहू, मयंक सिंह, प्रकाश शुक्ला और राहुल दुबे गैंग का नाम भी शामिल किया गया है। वायरल पत्र में अर्श कुमार और आदित्य को सीधे तौर पर धमकी दी गई है। इसमें कहा गया है कि यदि जल्द फोन पर संपर्क कर मामले को मैनेज नहीं किया गया, तो अगली बार कंपनी के किसी कर्मचारी, मुंशी या ड्राइवर को निशाना बनाया जाएगा। इसके अलावा पत्र में कथित अवैध कोयला, बालू और जमीन कारोबार से जुड़े लोगों को भी रंगदारी देने की चेतावनी दी गई है। हालांकि, इस पत्र की सत्यता और फायरिंग की घटना से इसके संबंध की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

एसपी ने दो से तीन राउंड फायरिंग की पुष्टि की

चतरा के एसपी अनिमेष नैथानी ने शुरुआती जांच के आधार पर घटनास्थल पर दो से तीन राउंड फायरिंग होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मौके से गोली के खोखे बरामद किए गए हैं। एसपी खुद आधी रात से मामले की जांच और पुलिस कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं। टंडवा थाना पुलिस और सीआईएसएफ की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। पुलिस आसपास के इलाकों में अपराधियों की पहचान के लिए जानकारी जुटा रही है। साथ ही संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

आम्रपाली से शिवपुर साइडिंग तक कोयला ढुलाई करती है कंपनी

एवीएस कोल ट्रांसपोर्टिंग कंपनी को एनसीसी लिमिटेड की ओर से आम्रपाली कोल परियोजना से शिवपुर साइडिंग तक कोयला ढुलाई का ठेका मिला है। इसी काम के लिए कंपनी ने होन्हे गांव में पीओ कार्यालय के पास अपना कार्यालय बनाया है। परिसर में कर्मचारियों के रहने की व्यवस्था भी है। फायरिंग की घटना के बाद कंपनी के कर्मचारियों में डर का माहौल है। पुलिस रंगदारी की मांग, ठेका कारोबार में वर्चस्व की लड़ाई और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल इस मामले में किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Meenu

Reporter  |  Nation Times

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment