बोकारो : बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के ईंट भट्टा हरिजन टोला में मंगलवार देर रात सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कोयला लदी तेज रफ्तार बाइक ने महिला को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। बुधवार सुबह मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने बोकारो थर्मल-नरकी मुख्य सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन प्रभावित रहा।
काली पूजा मेला देखने जा रहे थे दंपती
जानकारी के अनुसार, हरिजन टोला निवासी रेवलाल सिंह अपनी पत्नी फुलमतिया देवी के साथ कंजकिरो में आयोजित काली पूजा मेला देखने जा रहे थे। इसी दौरान मंगलवार रात करीब 10:30 बजे पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने फुलमतिया देवी को टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, बाइक पर कोयला लदा हुआ था। टक्कर के बाद कोयला सड़क पर बिखर गया। वहीं, बाइक चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने महिला के शव को रातभर घर पर रखा। बुधवार सुबह मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने बोकारो थर्मल-नरकी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित रहा। सूचना मिलने पर सांसद प्रतिनिधि जितेंद्र यादव, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि मंजूर आलम, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि सुनील महतो और सुनील टाइगर सहित कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और प्रशासन से सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा देने की मांग की। बताया गया है कि मृतका के परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा हैं। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।











