मौसम क्रिकेट ऑपरेशन सिंदूर क्रिकेट स्पोर्ट्स बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल देश विदेश राशिफल आध्यात्मिक अन्य
Advertisement

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी जमशेदपुर को सम्मानित, स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में झारखंड से हुआ चयन

---Advertisement---

जमशेदपुर : स्वच्छता के क्षेत्र में जमशेदपुर ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत झारखंड से राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए लौहनगरी का चयन किया गया है। 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित 10वें स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जमशेदपुर के प्रतिनिधियों को सम्मानित करेंगी। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित इस समारोह में देशभर के स्वच्छ शहरों को उनके प्रदर्शन के आधार पर सम्मान दिया जाएगा। जमशेदपुर के चयन को शहर की बेहतर सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी का परिणाम माना जा रहा है।

समारोह में सामने आएगी जमशेदपुर की राष्ट्रीय रैंकिंग

मंत्रालय ने फिलहाल जमशेदपुर की अंतिम रैंकिंग, प्राप्त अंक और पुरस्कार की श्रेणी की जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। इन सभी पहलुओं का खुलासा 11 नवंबर को होने वाले समारोह में किया जाएगा। इसके साथ ही देशभर के शहरों की स्वच्छता रैंकिंग भी जारी होगी। समारोह शाम चार बजे से आयोजित होगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साह भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

झारखंड के अधिकारी भी समारोह में होंगे शामिल

इस राष्ट्रीय समारोह में झारखंड की ओर से नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव, सूडा के निदेशक और जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के नगर आयुक्त हिस्सा लेंगे। इन अधिकारियों को मंत्रालय की ओर से आमंत्रित किया गया है।

सफाईकर्मियों और नागरिकों की मेहनत को मिला सम्मान

जमशेदपुर को राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह उपलब्धि शहर की सफाई व्यवस्था से जुड़े विभिन्न संस्थानों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का नतीजा है। जमशेदपुर अक्षेस और टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज (जुस्को) की व्यवस्थाओं के साथ सफाईकर्मियों की नियमित मेहनत ने स्वच्छता अभियान को मजबूती दी है। घर-घर से कचरा संग्रहण, उसका उचित प्रबंधन और सड़कों व सार्वजनिक स्थानों की सफाई में स्वच्छता मित्रों की अहम भूमिका रही है। वहीं, नागरिकों की भागीदारी ने भी शहर को स्वच्छ बनाए रखने में योगदान दिया है। राष्ट्रपति के हाथों मिलने वाला यह सम्मान न केवल जमशेदपुर के लिए गौरव की बात है, बल्कि सफाई व्यवस्था में जुटे कर्मचारियों और जागरूक नागरिकों के प्रयासों की राष्ट्रीय पहचान भी है। अब शहर के सामने इस उपलब्धि को बरकरार रखने और स्वच्छता के स्तर को और बेहतर बनाने की चुनौती होगी।

Rupa Kumari

Reporter | Nation Times मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं। See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment