- जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में तीन युवक स्कूटी से पहुंचे और कटारी लेकर दुकान में घुस गए। घटना के दौरान एक आरोपी पकड़ा गया, जबकि दो अन्य फरार हो गए।
जमशेदपुर : झारखंड के जमशेदपुर में रंगदारी की मांग पूरी नहीं होने पर अपराधियों ने छुट्टी पर घर आए BSF जवान की ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाया। घटना परसुडीह थाना क्षेत्र के राहड़गोड़ा चौक की है। रविवार शाम तीन युवक स्कूटी से दुकान पहुंचे और कटारी लेकर अंदर घुस गए। आरोप है कि युवकों ने दुकान में तोड़फोड़ कर दहशत फैलाने की कोशिश की। स्थानीय लोगों और पुलिस की सक्रियता से एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि उसके दो साथी स्कूटी से फरार हो गए। पुलिस दोनों फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
रंगदारी नहीं देने पर दुकान में घुसकर की तोड़फोड़
जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम करीब 4:30 बजे तीन युवक स्कूटी से राहड़गोड़ा चौक स्थित विशाल ज्वेलरी दुकान पहुंचे। उस समय दुकान में BSF जवान विशाल कुमार मौजूद थे। आरोप है कि गोविंदपुर निवासी अमन कुमार लगातार उनसे रंगदारी की मांग कर रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर आरोपियों ने दुकान में घुसकर कटारी से हमला किया और सामान में तोड़फोड़ की। अचानक हुई इस घटना से दुकान में अफरा-तफरी मच गई।
जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं BSF जवान
विशाल कुमार जम्मू-कश्मीर में BSF में पदस्थापित हैं। वह छुट्टी लेकर अपने माता-पिता से मिलने घर आए हुए थे। इसी दौरान उनकी ज्वेलरी दुकान पर हमला किया गया। घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
एक आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
घटना के बाद स्थानीय लोगों और दुकानदारों में आक्रोश है। पुलिस ने मौके से पकड़े गए आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। स्थानीय लोगों ने इलाके में दुकानदारों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि जब छुट्टी पर घर आए एक सुरक्षा बल के जवान की दुकान पर हमला हो सकता है, तो आम दुकानदारों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठना स्वाभाविक है।











