पूर्वी सिंहभूम : पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला स्थित गालूडीह थाना परिसर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जमीन विवाद की सुनवाई के दौरान एक आदिवासी महिला ने थाना प्रभारी के सामने ही जहर पी लिया। बड़ाखुर्शी गांव की रहने वाली महिला आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने और पुलिस की कार्रवाई से नाराज थी। महिला ने इस मामले में पहले ही 12 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। घटना के बाद पुलिस ने उसे तत्काल जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
थाना प्रभारी के सामने निकाली जहर की शीशी
जानकारी के अनुसार, महिला सोमवार को जमीन विवाद के मामले में न्याय की गुहार लगाने गालूडीह थाने पहुंची थी। उसने थाना प्रभारी अंकु कुमार के सामने आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। महिला का आरोप था कि प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने अब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। साथ ही, प्राथमिकी में एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराएं भी नहीं जोड़ी गई हैं। इसी दौरान बातचीत के बीच महिला ने अचानक अपनी कमर से जहर की शीशी निकाली और उसे पी लिया। कुछ ही देर बाद उसे उल्टियां होने लगीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल सरकारी वाहन से उसे जमशेदपुर स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) अस्पताल पहुंचाया। घाटशिला के एसडीपीओ विकास आनंद लगोरी के अनुसार, महिला की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
5 एकड़ 74 डिसमिल रैयती जमीन को लेकर विवाद
महिला के इस कदम के पीछे पायरागुड़ी गांव के बिरहीगोड़ा टोला के पास एनएच-33 किनारे स्थित करीब 5 एकड़ 74 डिसमिल रैयती जमीन का विवाद बताया जा रहा है। यह जमीन स्वर्गीय मनोरंजन भूमिज की बताई जाती है। जमीन के स्वामित्व और कब्जे को लेकर भूमिज समुदाय के दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। बताया जाता है कि इस विवाद को लेकर पहले भी कई बार दोनों पक्षों के बीच मारपीट और तनाव की स्थिति बन चुकी है। महिला ने इसी मामले में 12 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। वह पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग कर रही थी।

एसडीपीओ ने जांच और कार्रवाई का दिया भरोसा
घटना के बाद पुलिस महिला के इलाज और उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। घाटशिला के एसडीपीओ विकास आनंद लगोरी ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि महिला को सुरक्षित अस्पताल पहुंचा दिया गया है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। एसडीपीओ ने यह भी स्पष्ट किया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। थाने में सुनवाई के दौरान हुई इस घटना ने जमीन विवाद से जुड़ी शिकायतों और पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, मामले में आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।











