रांची : पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले से चोरी हुआ खाद्य तेल (डालडा) लदा ट्रक झारखंड के रांची जिले के चान्हो थाना क्षेत्र स्थित ओपा गांव से बरामद किया गया है। मामले की जांच के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस रांची पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से छापेमारी की। इस दौरान चंदन गुप्ता नाम के एक युवक को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, बरामद ट्रक में खाद्य तेल लदा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि चोरी किए गए तेल को दीपावली और छठ के दौरान बाजार में खपाने की तैयारी थी। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
बंगाल पुलिस को पूछताछ में मिला रांची का सुराग
जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले में खाद्य तेल चोरी के मामले में पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ के दौरान रांची में गिरोह के सदस्यों की मौजूदगी और चोरी का तेल यहां भेजे जाने की जानकारी मिली। इसी सुराग के आधार पर पश्चिम बंगाल पुलिस रांची पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से चान्हो थाना क्षेत्र के ओपा गांव में छापेमारी की गई, जहां से तेल लदा ट्रक बरामद हुआ। पुलिस अब हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ कर मामले की अन्य कड़ियों का पता लगाने में जुटी है।
हल्दिया से नेपाल भेजे जा रहे तेल टैंकर की कथित हाईजैकिंग
जानकारी के अनुसार, अक्टूबर 2026 में पश्चिम बंगाल के हल्दिया क्षेत्र में खाद्य तेल चोरी का मामला सामने आया था। इस संबंध में दुर्गाचक थाना में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान कथित तौर पर पता चला कि हल्दिया से नेपाल भेजे जा रहे एक तेल टैंकर को रास्ते में हाईजैक कर लिया गया था। आरोप है कि टैंकर से करीब 5.5 मीट्रिक टन खाद्य तेल चोरी किया गया, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई गई है।

चोरी के तेल की सप्लाई नेटवर्क की जांच
जांच में यह जानकारी भी सामने आई कि चोरी किए गए तेल को डिब्बों में पैक कर ट्रकों के जरिए अलग-अलग इलाकों में भेजा जा रहा था। इसी कड़ी में पुलिस को रांची में तेल की खेप पहुंचने का सुराग मिला। फिलहाल पुलिस चोरी के तेल की आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क और मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ के बाद ही मामले में आगे की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।









