रांची : झारखंड के लाखों राशन कार्डधारी परिवारों के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत चना दाल उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के निदेशालय ने ऑनलाइन निविदा जारी की है। इस प्रक्रिया के जरिए राज्य में चना दाल की खरीद और आपूर्ति करने वाली एजेंसियों का चयन किया जाएगा। सरकारी योजना के तहत झारखंड के करीब 66.92 लाख राशन कार्डधारी परिवारों को हर महीने एक किलो चना दाल देने का प्रावधान है। इसमें राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) और झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना (JSFSS) के लाभुक शामिल हैं।
PHH, अंत्योदय और हरा राशन कार्डधारियों को मिलेगा लाभ
चना दाल वितरण योजना के दायरे में प्राथमिकता प्राप्त परिवार (PHH), अंत्योदय अन्न योजना (AAY) और हरा राशन कार्डधारी परिवार आते हैं। पात्र लाभुकों को जन वितरण प्रणाली (PDS) की दुकानों के माध्यम से निर्धारित रियायती दर पर हर महीने एक किलो चना दाल उपलब्ध कराई जाती है। सरकार का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सुरक्षा के साथ पोषण संबंधी सहायता उपलब्ध कराना है। नई निविदा प्रक्रिया के तहत अप्रैल 2026 से मार्च 2027 तक दाल की आपूर्ति के लिए एजेंसियों का चयन किया जाएगा।
NFSA के तहत 61 लाख से अधिक परिवारों को मिल रहा राशन
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना (JSFSS) के तहत 5,87,567 परिवार पंजीकृत हैं। इस श्रेणी में कुल 18,54,015 सदस्य शामिल हैं। वहीं, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत राज्य के 61,05,156 परिवार राशन का लाभ ले रहे हैं। इनमें 51,88,089 प्राथमिकता प्राप्त परिवार (PHH) और 9,17,067 अंत्योदय अन्न योजना (AAY) के लाभुक परिवार शामिल हैं। दोनों योजनाओं के लाभुकों को मिलाकर करीब 66.92 लाख परिवार चना दाल वितरण योजना के दायरे में आते हैं। सरकार का प्रयास है कि नई निविदा प्रक्रिया पूरी कर अगले वित्तीय वर्ष के लिए आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

12.82 करोड़ रुपये की EMD, 23 नवंबर तक कर सकेंगे आवेदन
चना दाल की आपूर्ति के लिए जारी निविदा में शामिल होने वाली एजेंसियों को 12,82,75,200 रुपये की अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट (EMD) जमा करनी होगी। यह राशि झारखंड ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन जमा की जाएगी। निविदा प्रक्रिया ई-टेंडर के बाद ई-रिवर्स ऑक्शन के जरिए पूरी होगी। इच्छुक आपूर्तिकर्ता 23 नवंबर 2026 तक आवेदन और जरूरी दस्तावेज जमा कर सकते हैं। वहीं, 25 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे तकनीकी रूप से प्राप्त निविदाएं खोली जाएंगी। इसके बाद चयनित एजेंसियों के साथ वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए दर अनुबंध किया जाएगा। अनुबंध पूरा होने के बाद राज्य में चना दाल की आपूर्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।





