- OMR शीट में बुकलेट सीरीज S, T, U और V की त्रुटियों के साथ आवेदन फॉर्म और एडमिट कार्ड की गड़बड़ियों का उठाया मुद्दा, हजारों अभ्यर्थियों के भविष्य पर जताई चिंता
रांची : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 में सामने आई तकनीकी और प्रशासनिक गड़बड़ियों को लेकर अभ्यर्थियों ने अपनी आवाज उठाई है। परीक्षा से जुड़ी विभिन्न त्रुटियों के समाधान की मांग को लेकर सैकड़ों अभ्यर्थियों ने मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में पहुंचे अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हुई गड़बड़ियों से मंत्री को अवगत कराते हुए हस्तक्षेप की मांग की। अभ्यर्थियों ने आशंका जताई कि परीक्षा प्रक्रिया में हुई इन गलतियों का असर मूल्यांकन और परिणाम पर पड़ सकता है। उन्होंने मांग की कि सभी तकनीकी और प्रशासनिक त्रुटियों का निष्पक्ष तरीके से समाधान किया जाए, ताकि किसी भी परीक्षार्थी के साथ अन्याय न हो।
OMR शीट में बुकलेट सीरीज की गड़बड़ी का मामला उठाया
मंत्री को सौंपे गए ज्ञापन में सबसे प्रमुख मुद्दा JTET-2026 की OMR शीट में प्रश्न-पुस्तिका की बुकलेट सीरीज (S, T, U और V) से जुड़ी गड़बड़ी का रहा। इसके अलावा अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन फॉर्म और प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) में सामने आई विभिन्न त्रुटियों की भी जानकारी दी। अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा के दौरान या आवेदन प्रक्रिया में हुई तकनीकी गलतियों का खामियाजा परीक्षार्थियों को नहीं भुगतना चाहिए। मूल्यांकन की प्रक्रिया में सभी अभ्यर्थियों के साथ समान और न्यायसंगत व्यवहार सुनिश्चित किया जाना जरूरी है।
हजारों अभ्यर्थियों के भविष्य को लेकर जताई चिंता
अभ्यर्थियों ने मंत्री से आग्रह किया कि मामले में आवश्यक हस्तक्षेप कर परीक्षा से जुड़ी सभी शिकायतों का समाधान कराया जाए। उनका कहना है कि तकनीकी और प्रशासनिक खामियों के कारण किसी भी परीक्षार्थी का परिणाम प्रभावित नहीं होना चाहिए। झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ ने भी मांग की है कि परीक्षा संचालन से जुड़ी त्रुटियों की जिम्मेदारी अभ्यर्थियों पर नहीं डाली जाए। संघ को उम्मीद है कि मंत्री के स्तर से इस मामले में सकारात्मक पहल होगी और संबंधित विभाग समस्याओं के निराकरण के लिए उचित कदम उठाएगा। फिलहाल अभ्यर्थियों की मांगों पर आगे की कार्रवाई का इंतजार है।






