- गर्म चावल के मांड से झुलसने के बाद बच्ची को क्लिनिक ले गए थे परिजन, इंजेक्शन देने के बाद तबीयत बिगड़ने का लगाया आरोप
गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले में नौ माह की बच्ची की इलाज के दौरान मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। घटना बिरनी प्रखंड के भरकट्टा ओपी क्षेत्र की है। बच्ची की मौत से नाराज परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने ग्रामीण चिकित्सक के क्लिनिक और घर का घेराव कर दिया। आक्रोशित लोग चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया।
गर्म मांड से झुलस गई थी बच्ची
मिली जानकारी के अनुसार, विकास वर्मा की नौ माह की बेटी घर में चावल का मांड पसाने के दौरान गर्म मांड से झुलस गई थी। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए भरकट्टा स्थित अंसारी हेल्थ क्लिनिक ले गए। यह क्लिनिक अब्दुल जब्बार का बताया जा रहा है। परिजनों का आरोप है कि क्लिनिक में ग्रामीण चिकित्सक ने बच्ची का इलाज शुरू किया और उसे एक इंजेक्शन दिया। आरोप के मुताबिक, इंजेक्शन देने के कुछ ही देर बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया।
मौत के बाद भड़का ग्रामीणों का गुस्सा
बच्ची की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण क्लिनिक और चिकित्सक के घर के बाहर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने दोनों जगहों का घेराव कर हंगामा किया। ग्रामीणों का आरोप था कि इलाज में लापरवाही के कारण बच्ची की जान गई है। बताया जा रहा है कि चिकित्सक ने अपनी गलती स्वीकार की है, हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, दोनों पक्षों में हुई बातचीत
हंगामे की सूचना पर भरकट्टा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में चिकित्सक, बच्ची के परिजनों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों के बीच बातचीत हुई। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौते को लेकर भी चर्चा हुई। फिलहाल बच्ची की मौत के वास्तविक चिकित्सकीय कारणों और इलाज में कथित लापरवाही की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।












