रांची : भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत आज झारखंड दौरे पर रांची आएंगे। इस दौरान वह झारखंड हाईकोर्ट परिसर में करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक डेटा सेंटर का उद्घाटन करेंगे। सोमवार शाम 7:30 बजे से आयोजित होने वाले इस समारोह में न्यायिक व्यवस्था के तकनीकी आधुनिकीकरण की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल की जाएंगी। CJI सूर्यकांत के साथ झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक और सुप्रीम कोर्ट के अन्य वरिष्ठ न्यायाधीश भी मौजूद रहेंगे।
न्यायिक रिकॉर्ड की सुरक्षा और डिजिटल सेवाओं को मिलेगी मजबूती
झारखंड हाईकोर्ट में नवनिर्मित डेटा सेंटर आधुनिक तकनीकी सुविधाओं से लैस है। इसमें हाई-परफॉर्मेंस GPU सर्वर, नेटवर्क सुरक्षा प्रणाली, निर्बाध बिजली आपूर्ति, केंद्रीकृत स्टोरेज और बैकअप सिस्टम की व्यवस्था की गई है। इससे केस इंफॉर्मेशन सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक न्यायिक रिकॉर्ड और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग जैसी सेवाओं का संचालन अधिक सुचारु तरीके से हो सकेगा। इससे न्यायिक दस्तावेजों की डिजिटल सुरक्षा मजबूत होने के साथ अदालत की ऑनलाइन सेवाओं को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान हाईकोर्ट की नई वेबसाइट, मोबाइल ऐप और छह महत्वपूर्ण डिजिटल पहलों का भी शुभारंभ किया जाएगा। इन सुविधाओं से न्यायिक कार्यों में पारदर्शिता बढ़ाने और लंबित मामलों के निपटारे की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने की उम्मीद है।
सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के न्यायाधीश करेंगे संबोधित
उद्घाटन समारोह की शुरुआत झारखंड हाईकोर्ट की कम्प्यूटरीकरण एवं डिजिटलीकरण समिति के सदस्य जस्टिस संजय कुमार द्विवेदी के स्वागत भाषण से होगी। इसके बाद झारखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस अपरेश कुमार सिंह और जस्टिस एस. चंद्रशेखर भी समारोह में अपने विचार रखेंगे। इसके बाद CJI सूर्यकांत मुख्य भाषण देंगे।

रात 8:30 बजे तक चलेगा कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, शाम 7:30 बजे शुरू होने वाला समारोह रात 8:30 बजे तक चलेगा। इस दौरान CJI सूर्यकांत और अन्य गणमान्य अतिथि विभिन्न डिजिटल सेवाओं और सॉफ्टवेयर का लोकार्पण करेंगे। अंत में झारखंड हाईकोर्ट की कम्प्यूटरीकरण एवं डिजिटलीकरण समिति के अध्यक्ष जस्टिस आनंद सेन धन्यवाद ज्ञापन करेंगे। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन होगा।






