जामताड़ा : झारखंड के जामताड़ा जिले में एक बुजुर्ग दंपति सरकारी योजनाओं का लाभ पाने के लिए करीब 20 वर्षों से परेशान है। बढ़ती उम्र और कमजोर शरीर के कारण अब उनके लिए मेहनत-मजदूरी करना भी मुश्किल हो गया है। इसके बावजूद उन्हें राशन और वृद्धावस्था पेंशन जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। हालात ऐसे हैं कि दंपति के सामने दो वक्त की रोटी जुटाने का संकट खड़ा हो गया है। यह मामला फतेहपुर प्रखंड की असनबेरिया पंचायत के धसुनिया गांव का है। यहां रहने वाले शनिवार राय और उनकी पत्नी बिमला देवी बेहद कठिन परिस्थितियों में जीवन गुजार रहे हैं।
20 साल पहले डीलर के पास गुम हुआ राशन कार्ड
जानकारी के अनुसार, शनिवार राय और बिमला देवी घटवाल समाज से आते हैं। दंपति का कहना है कि करीब 20 साल पहले उनका राशन कार्ड डीलर के पास ही गुम हो गया था। इसके बाद से वे नया राशन कार्ड बनवाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। दंपति ने पंचायत से लेकर प्रखंड कार्यालय तक कई बार चक्कर लगाए, लेकिन अब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका। राशन कार्ड नहीं होने के कारण उन्हें सरकारी अनाज का लाभ नहीं मिल रहा है। वहीं, वृद्धावस्था पेंशन भी अब तक शुरू नहीं हुई है।
जर्जर झोपड़ी में रहने को मजबूर, नाती कर रहा मदद
बुजुर्ग दंपति फिलहाल एक जर्जर झोपड़ी में रहने को मजबूर हैं। उनकी आर्थिक स्थिति इतनी खराब है कि रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो गया है। दंपति के मुताबिक, उनके पास आधार कार्ड और वोटर कार्ड जैसे जरूरी पहचान पत्र मौजूद हैं, फिर भी उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। मामले को लेकर उनके नाती लालजी राय ने बताया कि उन्होंने भी नाना-नानी को राशन और पेंशन दिलाने के लिए कई बार कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। वह खुद मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। अपनी सीमित कमाई में से कुछ पैसे निकालकर नाना-नानी की मदद करते हैं। दंपति की परेशानी के साथ एक और समस्या यह है कि उनके नाती को भी राशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

जिला प्रशासन से मदद की गुहार
करीब दो दशक से सरकारी सुविधाओं का इंतजार कर रहे इस बुजुर्ग दंपति की स्थिति चिंताजनक है। उम्र बढ़ने के साथ उनकी काम करने की क्षमता भी कम हो गई है। ऐसे में राशन और पेंशन जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिलने से उनकी मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। पीड़ित दंपति और उनके परिजनों ने जिला प्रशासन तथा झारखंड सरकार से जल्द हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने नया राशन कार्ड बनवाने, वृद्धावस्था पेंशन शुरू कराने और मानवीय आधार पर तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है।













