रांची : झारखंड के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार को स्पष्ट संदेश दिया कि झारखंड का गठन लंबे संघर्ष, बलिदान और त्याग के बाद हुआ है। यह राज्य किसी की भीख में नहीं मिला है। अगर राज्य को उसका हक और अधिकार नहीं मिला, तो सरकार कानूनी और राजनीतिक समेत हर स्तर पर लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री खेलगांव परिसर, रांची में झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन समारोह और अपनी सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने वर्ष 2050 तक झारखंड को देश के विकसित राज्यों की श्रेणी में खड़ा करने का लक्ष्य भी दोहराया। कार्यक्रम में करीब 9,098 करोड़ रुपये की 1,641 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया गया।
2050 तक विकसित राज्यों की बराबरी करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड ने पिछले 26 वर्षों में कई राजनीतिक उतार-चढ़ाव देखे हैं। राज्य में विकास की गति अपेक्षाकृत देर से शुरू हुई, जबकि कई दूसरे राज्य काफी आगे निकल चुके हैं। अब झारखंड को तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार ने वर्ष 2050 तक का लक्ष्य तय किया है। झारखंड को ऐसी स्थिति में पहुंचाना है, जहां वह देश के विकसित राज्यों के साथ बराबरी से खड़ा हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल, कला, संस्कृति और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में राज्य के युवा अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। झारखंड में आगे बढ़ने की अपार संभावनाएं हैं।
युवाओं से जल, जंगल और जमीन बचाने की अपील
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने झारखंड के अलग राज्य आंदोलन और ऐतिहासिक संघर्ष को याद किया। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव, नीलांबर-पीतांबर, कार्तिक उरांव और दिशोम गुरु शिबू सोरेन सहित कई आंदोलनकारियों और मार्गदर्शकों के योगदान का उल्लेख किया। हेमंत सोरेन ने कहा कि इन महापुरुषों के संघर्ष और बलिदान से झारखंड अलग राज्य बन सका। आंदोलन की एक पीढ़ी धीरे-धीरे विदा हो रही है, ऐसे में नई पीढ़ी की जिम्मेदारी बढ़ गई है। उन्होंने युवाओं से जल, जंगल और जमीन की रक्षा करने का संकल्प लेने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक संसाधन केवल पहाड़, जंगल और नदियां नहीं हैं, बल्कि यहां के लोगों के जीवन का आधार हैं। आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए इनका संरक्षण जरूरी है।
खनिज संपदा से देश को मिला लाभ, लेकिन झारखंड पीछे रहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा ने देश और दुनिया के कई हिस्सों को आर्थिक मजबूती देने में योगदान दिया है। राज्य ने लंबे समय तक दूसरे क्षेत्रों को संसाधन उपलब्ध कराए, लेकिन यहां के आदिवासी और मूलवासी समाज को अपने ही संसाधनों का पूरा लाभ नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, आर्थिक और सामाजिक विकास के मामले में झारखंड के लोग लंबे समय तक पीछे रहे। इसी स्थिति को बदलने के लिए पूर्वजों ने अलग राज्य की कल्पना की और संघर्ष किया। अब नई पीढ़ी को झारखंड को पिछड़ेपन से निकालकर अग्रणी राज्यों की श्रेणी में पहुंचाने का संकल्प लेना होगा।
महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत करने पर जोर
मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तीकरण को सरकार की प्रमुख प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों से 50 लाख से अधिक परिवारों तक हर महीने कम से कम 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि झारखंड की महिलाएं रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करने के बजाय अपने राज्य में ही रोजगार के अवसर हासिल करें और परिवार के साथ सुरक्षित जीवन जी सकें। मुख्यमंत्री ने स्थापना दिवस पखवाड़ा में विभिन्न जिलों से आए महिला समूहों के स्टॉल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने उत्पादों और हुनर को बाजार तक पहुंचा रही हैं। दिल्ली के ट्रेड फेयर में भी झारखंड की महिलाओं ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया। सरकार स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार और उचित कीमत दिलाने के लिए ऑनलाइन खरीद-बिक्री और जीआई टैगिंग जैसी व्यवस्थाओं को बढ़ावा दे रही है।

सरकारी स्कूलों और छात्रावासों की व्यवस्था में बदलाव
शिक्षा के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की व्यवस्था की गई है। सरकारी स्कूलों और छात्रावासों को बेहतर बनाने का काम जारी है। उन्होंने कहा कि अब निजी स्कूलों से बच्चे निकलकर सरकारी उत्कृष्ट विद्यालयों में दाखिला ले रहे हैं। सरकार बिना शुल्क बेहतर गुणवत्ता वाली शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि इस व्यवस्था को अभी और बेहतर बनाना है। मुख्यमंत्री ने सरकारी छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए भोजन की नई व्यवस्था का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि पहले कल्याण विभाग के छात्रावासों में बच्चों को घर से दाल-चावल और दूसरे अनाज लाने पड़ते थे। उन्हें पढ़ाई के साथ खुद खाना भी बनाना पड़ता था। अब सरकार छात्रावासों में बच्चों के लिए भोजन तैयार कर उपलब्ध कराएगी, ताकि उन्हें घर से पैसे और अनाज लाने की जरूरत न पड़े और वे पढ़ाई पर ध्यान दे सकें।
युवाओं को हुनरमंद बनाने के लिए प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के युवाओं को आत्मनिर्भर और हुनरमंद बनाने के लिए सरकार अलग-अलग विभागों के माध्यम से काम कर रही है। गरीब, मध्यमवर्गीय और संपन्न परिवारों के मेधावी बच्चों को समान अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी बच्चे की आर्थिक स्थिति उसकी शिक्षा और आगे बढ़ने के रास्ते में बाधा नहीं बननी चाहिए। सरकार उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता देने के साथ मोबाइल और लैपटॉप जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम कर रही है।
‘हक-अधिकार चाहिए, भीख नहीं’
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के लोगों ने अपने अधिकारों के लिए लंबा संघर्ष किया है। यह राज्य किसी की भीख में नहीं मिला है, बल्कि इसे लोगों ने अपने खून-पसीने से सींचा है। उन्होंने कहा, ”यह भीख में मिला राज्य नहीं है। हमारा हक-अधिकार हमें चाहिए, हमें भीख नहीं चाहिए। हमारा हक-अधिकार नहीं मिलेगा तो कानूनी लड़ाई हो, राजनीतिक लड़ाई हो, हर लड़ाई लड़ने के लिए अब हम सक्षम हैं।” मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सामने अभी भी कई चुनौतियां हैं, लेकिन विकास की यात्रा को पीछे नहीं लौटने देना है। आने वाले समय में प्रतिस्पर्धा और चुनौतियां बढ़ेंगी। इनके लिए राज्य को तैयार रहना होगा।
स्थापना दिवस पखवाड़ा एक-दो दिन बढ़ाने का निर्देश
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने स्थापना दिवस पखवाड़ा में लगाए गए स्टॉल और महिला समूहों के उत्पादों की बिक्री का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अलग-अलग जिलों से आई महिलाओं को अपने उत्पाद बेचने का अच्छा अवसर मिल रहा है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, कुछ महिलाओं ने आयोजन की अवधि एक-दो दिन और बढ़ाने का आग्रह किया था, ताकि वे अपने उत्पादों की बिक्री बेहतर तरीके से कर सकें। इस पर उन्होंने आयोजन समिति और संबंधित विभाग के अधिकारियों को कार्यक्रम की स्थिति देखते हुए पखवाड़े की अवधि एक-दो दिन बढ़ाने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। अंत में उन्होंने सभी को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए जोहार के साथ अपना संबोधन समाप्त किया।











