रांची : झारखंड की राजधानी रांची में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और रांची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त टीम ने देर रात छापेमारी कर करीब 2 क्विंटल यानी 200 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस दौरान मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गांजे की इतनी बड़ी खेप मिलने के बाद जांच एजेंसियां तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने में जुट गई हैं।
तमाड़ में डोड़ेया मोड़ के पास हुई छापेमारी
जानकारी के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों को गांजा तस्करी से जुड़ी गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद NCB और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने तमाड़ थाना क्षेत्र के डोड़ेया मोड़ के पास घेराबंदी कर जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान टीम ने एक संदिग्ध पिकअप वैन को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में छिपाकर रखा गया करीब 200 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद टीम ने गांजे को जब्त कर वाहन में मौजूद दो लोगों को हिरासत में ले लिया।
ओडिशा नंबर की पिकअप वैन से लाई जा रही थी गांजे की खेप
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पिकअप वैन पर ओडिशा का रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज है। पुलिस ने वाहन चालक और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि गांजे की खेप ओडिशा से कहां ले जाई जा रही थी और इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश
कार्रवाई के बाद NCB और रांची पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच टीम यह जानकारी जुटाने में लगी है कि गांजे की सप्लाई किसे की जानी थी, तस्करी के लिए किन रास्तों का इस्तेमाल किया जा रहा था और इस नेटवर्क में अन्य कौन लोग जुड़े हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है। एजेंसियों को उम्मीद है कि आरोपियों से पूछताछ के जरिए गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है।











