रांची : झारखंड में ग्रामीण पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार की ओर से कई कदम उठाए गए हैं। हेमंत सोरेन सरकार के दूसरे कार्यकाल के दो साल पूरे होने पर जारी आंकड़ों के अनुसार, जल जीवन मिशन के तहत राज्य के करीब 35 लाख ग्रामीण परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराया जा चुका है। हालांकि, अब भी लगभग 27 लाख परिवार इस सुविधा से वंचित हैं। सरकार का जोर ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने और जलापूर्ति योजनाओं को बेहतर बनाने पर है।
62.50 लाख ग्रामीण परिवारों में से 35 लाख को मिला नल कनेक्शन
जल जीवन मिशन के पहले चरण के तहत झारखंड में कुल 62,50,861 ग्रामीण परिवारों को नल कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें से अब तक 35,06,267 परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन मिल चुका है। यह कुल लक्ष्य का 56.09 प्रतिशत है। इस हिसाब से करीब 27 लाख परिवारों तक अभी नल से पानी पहुंचना बाकी है। राज्य में पेयजलापूर्ति के लिए कुल 97,535 योजनाओं को मंजूरी दी गई है। इनमें से 67,969 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जो कुल स्वीकृत योजनाओं का 69.68 प्रतिशत है। पूरी हुई योजनाओं में से 56,226 योजनाएं ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों को सौंप दी गई हैं। वहीं, राज्य के 29,404 गांवों में से 7,342 गांवों में सभी ग्रामीण परिवारों को नल कनेक्शन मिल चुका है। इनमें 3,458 गांवों में ग्रामसभा के माध्यम से ‘हर घर जल’ का सत्यापन भी किया गया है। ग्रामीण इलाकों में पानी की उपलब्धता बनाए रखने के लिए 4,81,933 नलकूप भी लगाए गए हैं।
पानी की गुणवत्ता जांचने के लिए सभी 24 जिलों में लैब
सरकार ने केवल नल कनेक्शन देने ही नहीं, बल्कि लोगों तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाने पर भी ध्यान दिया है। राज्य के सभी 24 जिलों में एनएबीएल से मान्यता प्राप्त जल जांच प्रयोगशालाएं संचालित हैं। इसके अलावा पतरातू, राजमहल, नगर उटारी, बरवाडीह और ओरमांझी समेत छह अवर प्रमंडल स्तरीय प्रयोगशालाओं को भी एनएबीएल की मान्यता मिली है। गांवों में पानी की गुणवत्ता की जांच के लिए जलसहियाओं को फील्ड टेस्ट किट उपलब्ध कराई गई है। इसके जरिए वे स्थानीय स्तर पर ही पेयजल की जांच कर सकती हैं। साथ ही हर चार पंचायत पर एक के अनुपात में 1,134 मास्टर जलसहियाओं का चयन किया गया है। इन्हें जल गुणवत्ता, सरकारी नीतियों और ओडीएफ प्लस से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया है।

सौर ऊर्जा से चलेंगी 97 हजार से अधिक जलापूर्ति योजनाएं
ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली पर निर्भरता कम करने और जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए सौर ऊर्जा आधारित योजनाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके तहत राज्य में 97,256 सौर ऊर्जा आधारित एकल ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं के माध्यम से लगभग 25 लाख परिवारों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य है। अब तक 88,281 सौर पंप लगाए जा चुके हैं। इन योजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की उपलब्धता पर निर्भरता कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
जल जीवन मिशन के सामने अब भी कई चुनौतियां
नल कनेक्शन और जलापूर्ति योजनाओं में प्रगति के बावजूद राज्य के सामने कई चुनौतियां बनी हुई हैं। अब तक स्वीकृत 97,535 योजनाओं में से करीब 30 प्रतिशत योजनाएं पूरी नहीं हो पाई हैं। वहीं, लगभग 27 लाख ग्रामीण परिवारों को अब भी घरेलू नल कनेक्शन मिलने का इंतजार है। इसके अलावा जलापूर्ति योजनाओं को लंबे समय तक चालू रखना, भूमिगत जल स्रोतों का संरक्षण और योजनाओं का नियमित रखरखाव भी महत्वपूर्ण चुनौती है। योजनाओं के पांच वर्ष बाद ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों को इनके संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी निभानी होगी। इसके लिए पंचायत प्रतिनिधियों और समिति के सदस्यों को प्रशिक्षण देना जरूरी होगा।

झारखंड में सिंचाई का दायरा 7.5 प्रतिशत बढ़ा
ग्रामीण पेयजल के साथ सरकार ने सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर भी काम किया है। जल संसाधन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वृहद, मध्यम और लघु सिंचाई योजनाओं के जरिए खरीफ सिंचाई का क्षेत्रफल वर्ष 2024-25 में 4,16,835 हेक्टेयर था। वर्ष 2025-26 में यह बढ़कर 4,47,960 हेक्टेयर हो गया। इस तरह सिंचाई के क्षेत्रफल में करीब 7.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, औद्योगिक इकाइयों को जलापूर्ति से मिलने वाला विभागीय राजस्व भी 266.67 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,049.53 करोड़ रुपये हो गया।
बिहार के साथ सोन नदी जल बंटवारे का विवाद सुलझा
जल संसाधन विभाग की एक अन्य महत्वपूर्ण उपलब्धि बिहार और झारखंड के बीच सोन नदी के पानी के बंटवारे को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद का समाधान बताया गया है। इस संबंध में दोनों राज्यों के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इसके अलावा पश्चिम बंगाल के साथ मयूराक्षी नदी के जल बंटवारे से जुड़े पुराने विवाद को सुलझाने की दिशा में भी पहल की गई है। सरकार का कहना है कि इन प्रयासों से अंतरराज्यीय जल प्रबंधन और सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।








