- झारखंड स्थापना दिवस का मुख्य कार्यक्रम स्थगित करने और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को उचित सम्मान नहीं मिलने के विरोध में बंद का ऐलान; जयपाल सिंह स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक निकलेगा जुलूस
रांची : झारखंड के विभिन्न आदिवासी संगठनों ने 28 नवंबर को राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है। संगठनों ने 15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस के मुख्य कार्यक्रम स्थगित किए जाने और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को उचित सम्मान नहीं दिए जाने के विरोध में यह फैसला लिया है। बंद को सफल बनाने के लिए राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में तैयारियां की जा रही हैं। वहीं, लोगों को बंद के समर्थन में एकजुट करने के लिए 25 नवंबर की शाम रांची में मशाल जुलूस निकाला जाएगा।
जयपाल सिंह स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक निकलेगा मशाल जुलूस
आदिवासी संगठनों की ओर से घोषित कार्यक्रम के अनुसार, 25 नवंबर की शाम मशाल जुलूस जयपाल सिंह स्टेडियम के पास से शुरू होगा। जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचेगा। इस दौरान संगठन के प्रतिनिधि और समर्थक लोगों से 28 नवंबर के झारखंड बंद को सफल बनाने की अपील करेंगे।
स्थापना दिवस के कार्यक्रम स्थगित होने पर जताया विरोध
आदिवासी संगठनों का कहना है कि झारखंड का गठन लंबे संघर्ष और अनेक बलिदानों के बाद हुआ है। ऐसे में राज्य स्थापना दिवस का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व बनाए रखना जरूरी है। संगठनों ने 15 नवंबर को स्थापना दिवस के मुख्य कार्यक्रम स्थगित किए जाने पर नाराजगी जताई है। साथ ही भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को अपेक्षित सम्मान नहीं दिए जाने को भी विरोध का प्रमुख कारण बताया है।

बाजार, स्कूल और परिवहन पर असर को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं
28 नवंबर को प्रस्तावित बंद के दौरान बाजार, सार्वजनिक परिवहन, स्कूल-कॉलेज और अन्य सेवाओं पर कितना असर पड़ेगा, इस संबंध में फिलहाल आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। बंद को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के संबंध में भी विस्तृत जानकारी का इंतजार है।








