मौसम क्रिकेट ऑपरेशन सिंदूर क्रिकेट स्पोर्ट्स बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल देश विदेश राशिफल आध्यात्मिक अन्य
Advertisement

गिरिडीह में नाबालिग किशोरी की संदिग्ध मौत, शव को जंगल में दफनाने की तैयारी का आरोप; 4 लोग हिरासत में

---Advertisement---

गिरिडीह : जिले के तिसरी प्रखंड के लोकाय थाना क्षेत्र स्थित बरदौनी गांव में एक नाबालिग किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि किशोरी की मौत के बाद उसके मायके पक्ष को सूचना दिए बिना शव को भड़ेसर पहाड़ के पास जंगल में दफनाने की तैयारी की जा रही थी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को दफनाने से रोक दिया और मौके से चार लोगों को हिरासत में लिया। मृतका के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल किशोरी की मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

एक साल पहले युवक पर किशोरी को भगाकर ले जाने का आरोप

परिजनों के अनुसार, करीब एक साल पहले दीपावली के दौरान बरदौनी गांव निवासी रति मुर्मू कथित तौर पर किशोरी को अपने साथ ले गया था। उस समय परिवार ने स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि तालो हेमब्रम से न्याय की गुहार लगाई थी। परिजनों का कहना है कि पंचायत के माध्यम से मामले का समाधान कराने और किशोरी को वापस लाने का भरोसा दिया गया था। इसी आश्वासन पर उन्होंने उस समय थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।

मायके पक्ष को सूचना दिए बिना शव दफनाने की तैयारी का आरोप

परिजनों के मुताबिक, मंगलवार को किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आरोप है कि इसके बाद माता-पिता और मुखिया प्रतिनिधि की मौजूदगी में मायके पक्ष को सूचना दिए बिना शव को भड़ेसर पहाड़ के समीप जंगल में दफनाने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने फोन कर मृतका के परिजनों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और लोकाय थाना पुलिस को मामले से अवगत कराया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और दफनाने की प्रक्रिया रुकवा दी। पुलिस ने मौके पर मौजूद चार लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया है। हालांकि, हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान और मामले में उनकी भूमिका को लेकर पुलिस की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

मुखिया प्रतिनिधि पर परिजनों ने लगाए आरोप, उन्होंने किया खंडन

मृतका के चचेरे भाई ने मुखिया प्रतिनिधि तालो हेमब्रम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि करीब एक साल पहले किशोरी को भगाकर ले जाने का मामला सामने आने पर परिवार ने उनसे मदद मांगी थी, लेकिन उन्होंने पीड़ित परिवार का साथ देने के बजाय आरोपी पक्ष का समर्थन किया। वहीं, तालो हेमब्रम ने फोन पर अपना पक्ष रखते हुए इन आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि वह बरदौनी गांव के फुटबॉल मैदान में गए हुए थे।

न्याय की मांग को लेकर परिजनों ने थाना गेट का किया घेराव

किशोरी की संदिग्ध मौत और शव को जंगल में दफनाने की तैयारी की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। देर रात परिजनों ने लोकाय थाना पहुंचकर मुख्य गेट का घेराव किया और निष्पक्ष जांच की मांग की। मृतका के पिता ने कहा कि उनकी बेटी नाबालिग थी। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी सच्चाई सामने आनी चाहिए। उन्होंने दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि न्याय नहीं मिलने पर परिवार सड़क जाम करने को मजबूर होगा।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

पुलिस ने किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि उसकी मौत हत्या, बीमारी या किसी अन्य कारण से हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। इस मामले में लोकाय थाना प्रभारी धीरेन्द्र कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। फिलहाल पुलिस की विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

Meenu

Reporter  |  Nation Times

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment