गुमला : राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर बुधवार को गुमला पहुंचीं। यहां उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता स्वर्गीय निशा भगत के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। इस दौरान उन्होंने झारखंड में महिलाओं के साथ हो रही उत्पीड़न की घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि आयोग इन मामलों को गंभीरता से देख रहा है। विजया राहटकर ने कहा कि निशा भगत मामले में राज्य सरकार की ओर से सीबीआई जांच की अनुशंसा किए जाने की जानकारी उन्हें मिली है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल जांच की अनुशंसा कर राज्य सरकार की जिम्मेदारी समाप्त नहीं हो जाती। ऐसी घटनाओं को रोकने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की भी जरूरत है।
झारखंड में महिलाओं के उत्पीड़न की घटनाओं पर जताई चिंता
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि हाल के दिनों में झारखंड में महिलाओं के साथ उत्पीड़न की कई घटनाएं सामने आई हैं, जो बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने बताया कि निशा भगत मामले की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने तत्काल झारखंड के डीजीपी से बात की थी और गंभीरता से कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं के खिलाफ सोशल मीडिया पर की जाने वाली आपत्तिजनक टिप्पणियां भी चिंता का विषय हैं। आयोग इन सभी मामलों को गंभीरता से ले रहा है और जरूरी कार्रवाई की दिशा में पहल करेगा।
सीबीआई जांच की अनुशंसा के बाद भी सरकार की जिम्मेदारी अहम
मीडिया से बातचीत में विजया राहटकर ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि राज्य सरकार ने निशा भगत मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा की है। उन्होंने कहा कि जांच की अनुशंसा के साथ ही सरकार को यह भी देखना होगा कि ऐसी परिस्थितियां क्यों बन रही हैं, जिनमें किसी व्यक्ति को इस तरह का कदम उठाना पड़ता है। उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था की कमियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति अपनी समस्या या शिकायत लेकर आवाज उठाता है, तो पुलिस और प्रशासन की भूमिका संवेदनशील और जिम्मेदार होनी चाहिए। राज्य सरकार को इन पहलुओं पर गंभीरता से विचार करना होगा।
रांची में पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ करेंगी बैठक
विजया राहटकर ने बताया कि गुमला के बाद रांची पहुंचकर वह पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। बैठक में यह जानने की कोशिश की जाएगी कि महिलाओं से जुड़े मामलों में प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जा रही है और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राष्ट्रीय महिला आयोग महिलाओं की सुरक्षा और उत्पीड़न से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगा। आयोग इस दिशा में जरूरी कदम उठाने के लिए गंभीरता से विचार कर रहा है।












