रांची : झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने राज्य के वित्तीय अधिकारों और खनिज संपदा से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरा। सदन में अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि झारखंड किसी की कृपा या भीख में नहीं मिला है, बल्कि यह राज्य लंबे संघर्ष और बलिदान के बाद अस्तित्व में आया है। कल्पना सोरेन ने कहा कि झारखंड आंदोलन की धरती है और यहां के लोगों ने अलग राज्य के गठन के लिए लंबा संघर्ष किया है। उन्होंने राज्य के खनिज संसाधनों से जुड़े वित्तीय अधिकारों को सीमित किए जाने पर चिंता जताते हुए इसे गंभीर विषय बताया।
केंद्र पर राज्य के वित्तीय अधिकार सीमित करने का आरोप
विधानसभा अध्यक्ष को संबोधित करते हुए कल्पना सोरेन ने देश की संघीय व्यवस्था और राज्यों के अधिकारों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि झारखंड आदिवासी बहुल और खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है, लेकिन राज्य के वित्तीय अधिकारों को सीमित दायरे में रखा जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि अपने अधिकार हासिल करने के लिए झारखंड को आखिर कितना और संघर्ष करना पड़ेगा? क्या राज्य के विकास के लिए उसे केवल केंद्र सरकार के निर्देशों पर निर्भर रहना होगा? उन्होंने खनिज संपदा से जुड़े वित्तीय अधिकारों में कटौती को राज्य के हितों से जुड़ा गंभीर मामला बताया।
बिरसा मुंडा और झारखंड आंदोलन के वीरों को किया याद
अपने संबोधन में कल्पना सोरेन ने झारखंड के इतिहास और आंदोलन के नायकों का जिक्र किया। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, चांद-भैरव, नीलांबर-पीतांबर, शेख भिखारी और ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव जैसे वीरों के संघर्ष और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि झारखंड की पहचान यहां के वीरों के संघर्ष, शहादत और जनआंदोलनों से बनी है। यह धरती अपने अधिकारों के लिए लड़ने वाले लोगों की गवाह रही है।
शिबू सोरेन के नेतृत्व में आंदोलन का किया जिक्र
कल्पना सोरेन ने अलग झारखंड राज्य के गठन के लिए चले लंबे आंदोलन का उल्लेख करते हुए दिशोम गुरु शिबू सोरेन के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि दशकों तक चले संघर्ष के बाद अलग राज्य का सपना साकार हुआ। उन्होंने झारखंडी पहचान पर गर्व जताते हुए कहा कि इस पहचान के पीछे त्याग और बलिदान का लंबा इतिहास है। उनके मुताबिक, झारखंड मुक्ति मोर्चा का प्रमुख उद्देश्य राज्य के अधिकारों और हितों की रक्षा करना है।








