- फर्जी कस्टमर केयर नंबर के जरिए लोगों को ठगने और साइबर अपराधियों को सिम कार्ड मुहैया कराने वाले गिरोह का खुलासा; पुलिस ने 16 मोबाइल, 17 सिम कार्ड और एक लैपटॉप किया बरामद
जामताड़ा : झारखंड के जामताड़ा में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में ऑनलाइन ठगी करने वाले साइबर अपराधियों के साथ उन्हें सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाले गिरोह के सदस्य भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 16 मोबाइल फोन, 17 सिम कार्ड और एक लैपटॉप बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी अमित रविदास और थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुचियापहाड़ी गांव में पानी की टंकी के पीछे छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
फर्जी कस्टमर केयर नंबर से करते थे ठगी
पुलिस के अनुसार, दूसरे मामले में 23 नवंबर को दर्ज प्राथमिकी के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। साइबर थाना कांड संख्या 77/26 के तहत गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साजिद अंसारी, सागीर अंसारी, दिलावर अंसारी, कलीम अंसारी और इमरान अंसारी के रूप में हुई है। सभी नारायणपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। जांच में पता चला कि आरोपी गूगल पर विभिन्न ई-कॉमर्स कंपनियों, ई-पेमेंट प्लेटफॉर्म और उपभोक्ता सामग्री कंपनियों के कस्टमर केयर नंबर के नाम पर फर्जी मोबाइल नंबर अपलोड करते थे। जब ग्राहक अपनी समस्या के समाधान के लिए इन नंबरों पर संपर्क करते, तो आरोपी मदद का भरोसा देकर उन्हें ठगी के जाल में फंसा लेते थे। इसके बाद ग्राहकों को मोबाइल पर संदिग्ध APK फाइल भेजकर डाउनलोड कराया जाता था। इसके जरिए आरोपियों को बैंक खातों और अन्य गोपनीय जानकारियों तक पहुंच मिल जाती थी। बाद में इन जानकारियों का इस्तेमाल साइबर ठगी के लिए किया जाता था।
सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाले पांच आरोपी भी गिरफ्तार
वहीं, साइबर थाना कांड संख्या 76/26 के तहत जामताड़ा और मिहिजाम थाना क्षेत्र से पांच अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें संजय मंडल, राजू मंडल, दुनल मंडल, बीरज कुमार साव और रविसन मुर्मू शामिल हैं। पुलिस जांच के मुताबिक, ये आरोपी अपने नाम पर चार-पांच से अधिक सिम कार्ड जारी करवाते थे और फिर उन्हें दूसरे साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इसके बदले उन्हें मोटी रकम मिलती थी। पुलिस अब इस नेटवर्क की आर्थिक गतिविधियों और प्रत्येक सिम कार्ड के बदले मिलने वाली रकम की जांच कर रही है।
16 मोबाइल, 17 सिम और लैपटॉप बरामद
दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 16 मोबाइल फोन, 17 सिम कार्ड और एक लैपटॉप जब्त किया है। पुलिस बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर साइबर ठगी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। इस कार्रवाई से फर्जी कस्टमर केयर नंबर और अवैध सिम सप्लाई के जरिए संचालित साइबर अपराध के नेटवर्क का खुलासा हुआ है।









