मौसम क्रिकेट ऑपरेशन सिंदूर क्रिकेट स्पोर्ट्स बॉलीवुड जॉब - एजुकेशन बिजनेस लाइफस्टाइल देश विदेश राशिफल आध्यात्मिक अन्य
Advertisement

गढ़वा में दानरो नदी पर बनेगा पीपा पुल, 20 हजार लोगों को मिलेगी राहत; 2 KM की दूरी घटकर होगी 100 मीटर

---Advertisement---
  • करीब एक करोड़ रुपये की लागत से छठ घाट के पास बनेगा पुल, टंडवा के चार वार्डों के लोगों को आवागमन में मिलेगी सुविधा

गढ़वा : जिले के टंडवा क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। शहर के बीचोंबीच बहने वाली दानरो नदी पर छठ घाट के समीप पीपा पुल का निर्माण कराया जाएगा। करीब एक करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल से टंडवा क्षेत्र के चार वार्डों की लगभग 20 हजार आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। पुल बनने के बाद लोगों को शहर आने-जाने के लिए लंबा रास्ता तय नहीं करना पड़ेगा। पीपा पुल निर्माण के लिए उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने अनाबद्ध निधि से राशि नगर परिषद को हस्तांतरित करने की स्वीकृति दे दी है। लंबे समय से स्थानीय लोग दानरो नदी पर पुल निर्माण की मांग कर रहे थे। अब निर्माण की मंजूरी मिलने से क्षेत्र के लोगों में खुशी है।

टंडवा के चार वार्डों को मिलेगा सीधा लाभ

नगर परिषद क्षेत्र के कुल 21 वार्डों में से वार्ड संख्या 18, 19, 20 और 21 टंडवा इलाके में आते हैं। इन चारों वार्डों की आबादी करीब 20 हजार है। दानरो नदी पर पुल नहीं होने के कारण यहां के लोगों को शहर पहुंचने के लिए नदी पार करने या दूसरे रास्तों से लंबी दूरी तय करने की मजबूरी होती है। पीपा पुल बनने से इन वार्डों के लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी। खासकर छठ पूजा के दौरान छठ घाट तक पहुंचने वाले व्रतियों और श्रद्धालुओं को भी इसका लाभ मिलेगा।

दो किलोमीटर का सफर अब महज 100 मीटर में होगा पूरा

नगर परिषद अध्यक्ष आशीष सोनी उर्फ दौलत सोनी ने पीपा पुल निर्माण की स्वीकृति को अपने कार्यकाल की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि पुल बनने से नगर परिषद क्षेत्र की बड़ी आबादी को राहत मिलेगी। फिलहाल लोगों को करीब दो किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है, जबकि पुल बनने के बाद यह दूरी घटकर महज 100 मीटर रह जाएगी। उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा के अनुसार, नगर परिषद की ओर से पीपा पुल निर्माण के लिए पत्र लिखकर राशि की मांग की गई थी। इसके बाद अनाबद्ध निधि से राशि स्वीकृत की गई है। जल्द ही नगर परिषद आगे की प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराएगी।

स्थायी पुल की भी उठ रही मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि दानरो नदी पर स्थायी पुल का निर्माण होना चाहिए था। हालांकि, फिलहाल पीपा पुल की मंजूरी मिलने से उनकी आवागमन संबंधी बड़ी परेशानी दूर होने की उम्मीद है। निर्माण की स्वीकृति पर स्थानीय निवासी भोला गुप्ता, जमालुद्दीन अंसारी और गुप्त प्रसाद कुशवाहा ने खुशी जताई है।

Rupa Kumari

Reporter | Nation Times मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं। See Profile

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment