मौसमक्रिकेटऑपरेशन सिंदूरक्रिकेटस्पोर्ट्सबॉलीवुडजॉब - एजुकेशनबिजनेसलाइफस्टाइलदेशविदेशराशिफलआध्यात्मिकअन्य
Advertisement

सरायकेला में घर में घुसा जंगली हाथी, तोड़ी दीवार; मां और दो बच्चों ने किसी तरह बचाई जान

---Advertisement---

सरायकेला-खरसावां : झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार देर रात कुकड़ू प्रखंड के पारगामा गांव में एक जंगली हाथी ने एक घर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने घर की दीवार तोड़ दी और अंदर रखा अनाज खा गया। घटना के वक्त घर में जीतू महतो की पत्नी और उनके दो बच्चे सो रहे थे। हाथी के अचानक घर में घुसने से परिवार में दहशत फैल गई। हालांकि, मां और दोनों बच्चों ने किसी तरह अपनी जान बचा ली।

घर में घुसकर हाथी ने मचाया उत्पात, दीवार तोड़ी

जानकारी के अनुसार, जंगली हाथी देर रात जीतू महतो के घर में घुस गया। सबसे पहले उसने घर में रखे अनाज को खाया और फिर दीवार तोड़नी शुरू कर दी। हाथी के आक्रामक व्यवहार को देखकर दोनों बच्चे खिड़की के रास्ते बाहर निकल गए और सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए। वहीं, जीतू महतो की पत्नी घर के अंदर ही छिपकर बैठ गईं। इस दौरान उनकी जान पर लगातार खतरा बना रहा।

हाथी को अनाज देकर शांत करने की कोशिश

पीड़ित महिला ने बताया कि हाथी ने कई बार उनकी तरफ हमला करने की कोशिश की। ऐसी भयावह स्थिति में उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए घर में रखा अनाज हाथी को देने का प्रयास किया, ताकि वह शांत होकर वहां से चला जाए। इसी बीच हाथी ने अचानक जोरदार धक्का मारा, जिससे महिला खिड़की से बाहर गिर गईं। हालांकि, उनकी जान बच गई। गनीमत रही कि घर की टूटी हुई दीवार परिवार के किसी सदस्य पर नहीं गिरी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

घर क्षतिग्रस्त, परिवार के सामने रहने का संकट

हाथी के हमले में जीतू महतो का घर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। घटना के बाद परिवार के सामने रहने और खाने-पीने की समस्या खड़ी हो गई है। घर टूटने के बाद दोनों बच्चे अपनी मां के साथ आंगन में रोते-बिलखते नजर आए। अब पीड़ित परिवार को सुरक्षित आश्रय और जरूरी मदद की जरूरत है। ग्रामीणों ने प्रशासन से परिवार को तत्काल राहत पहुंचाने की मांग की है।

वन विभाग के खिलाफ ग्रामीणों में नाराजगी

गांव में हाथी के हमले के बाद वन विभाग के प्रति ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि इलाके में जंगली हाथियों के गांवों में घुसने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इससे ग्रामीणों की जान-माल पर खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और हाथियों के गांव की ओर बढ़ने की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करने की मांग की है।

पीड़ित परिवार को मुआवजा और राहत देने की मांग

ग्रामीणों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल खाद्यान्न, राहत सामग्री और रहने के लिए सुरक्षित जगह उपलब्ध कराने की अपील की है। लोगों का कहना है कि हाथियों के लगातार हमलों से ग्रामीणों की जिंदगी और संपत्ति दोनों खतरे में हैं। ऐसे में वन विभाग को केवल घटनाओं के बाद कार्रवाई करने के बजाय हाथियों की आवाजाही पर निगरानी और प्रभावी रोकथाम के लिए स्थायी व्यवस्था करनी चाहिए।

Meenu

Reporter  |  Nation Times

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment