जमशेदपुर : शहर और पूर्वी सिंहभूम जिले के विकास से जुड़े अहम मुद्दों को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने टाटा स्टील के ग्लोबल सीईओ सह प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन से मुलाकात की। इस बैठक में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग की समस्या, धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना, ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाओं और औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। कुणाल षाड़ंगी ने इन समस्याओं के समाधान के लिए कई सुझाव रखे और टाटा समूह से जमशेदपुर तथा आसपास के क्षेत्रों के विकास में अपनी भागीदारी बढ़ाने का आग्रह किया।
बिष्टुपुर और साकची में जाम-पार्किंग की समस्या का मुद्दा उठाया
बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था प्रमुख मुद्दों में शामिल रही। कुणाल षाड़ंगी ने बिष्टुपुर, साकची और रीगल ग्राउंड समेत टाटा कमांड एरिया के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में रोजाना लगने वाले जाम और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या पर ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि खरीदारी और अन्य जरूरी कामों के लिए इन बाजारों में पहुंचने वाले लोगों को वाहन पार्क करने में काफी परेशानी होती है। इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने टाटा लीज की शर्तों के तहत निर्धारित पार्किंग सुविधाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा कराने का सुझाव दिया। इसके अलावा भारी और व्यावसायिक वाहनों के लिए नो-एंट्री के समय की व्यावहारिक समीक्षा करने की बात कही। उन्होंने भविष्य में औद्योगिक क्षेत्रों तक मालवाहक वाहनों की सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए अलग ट्रैफिक कॉरिडोर विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा। इससे औद्योगिक इकाइयों तक कच्चे माल और तैयार उत्पादों की ढुलाई आसान हो सकेगी।
धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना को आगे बढ़ाने की मांग
धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम और आसपास के क्षेत्रों में हवाई कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए इस परियोजना को आगे बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की ओर से पर्यावरण और वन्यजीवों से जुड़े 19 सवालों के जवाब स्टेज-1 क्लियरेंस के लिए भेजे जा चुके हैं। उन्होंने टाटा समूह से एयरपोर्ट निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में सहयोग करने का आग्रह किया। उनके अनुसार, धालभूमगढ़ में एयरपोर्ट बनने से क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सकता है।
ग्रामीण इलाकों में नॉट-फॉर-प्रॉफिट अस्पताल का सुझाव
बैठक में ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का मुद्दा भी उठाया गया। कुणाल षाड़ंगी ने टाटा समूह के चेयरमैन नोएल टाटा की गैर-लाभकारी अस्पताल स्थापित करने की पहल का उल्लेख करते हुए पूर्वी सिंहभूम के ग्रामीण क्षेत्रों में भी एक नॉट-फॉर-प्रॉफिट जनरल अस्पताल स्थापित करने का सुझाव दिया। उन्होंने ऐसी स्वास्थ्य व्यवस्था विकसित करने की बात कही, जिसमें आर्थिक रूप से सक्षम मरीजों से मिलने वाले शुल्क के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को रियायती या निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराया जा सके। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी और उन्हें इलाज के लिए जमशेदपुर शहर पर निर्भर रहने की जरूरत कम होगी।
औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली के वैकल्पिक स्रोत उपलब्ध कराने का प्रस्ताव
औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए कुणाल षाड़ंगी ने पूर्वी सिंहभूम के शहर से बाहर चिह्नित औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति के वैकल्पिक विकल्प उपलब्ध कराने का सुझाव दिया। उन्होंने सरायकेला-खरसावां जिले की तर्ज पर इन क्षेत्रों में उद्योग लगाने वाले निवेशकों को झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JVVNL), टाटा पावर या जुस्को से बिजली लेने का विकल्प देने की बात कही। उनका मानना है कि इससे उद्योगों को अपनी जरूरत के अनुसार बिजली आपूर्ति का स्रोत चुनने की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार को प्रोत्साहन मिलेगा।
औद्योगिक निवेश को लेकर राज्य सरकार सकारात्मक : कुणाल षाड़ंगी
टाटा स्टील प्रबंधन से मुलाकात के बाद कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार राज्य में औद्योगिक निवेश, नए उद्योगों की स्थापना और मौजूदा औद्योगिक इकाइयों के विस्तार को लेकर सकारात्मक है। उन्होंने कहा कि टाटा समूह की ओर से नागरिक सुविधाओं और क्षेत्र के विकास से जुड़ी किसी भी जनहितकारी पहल में राज्य सरकार सहयोग करने के लिए तैयार है। इस बैठक में उठाए गए मुद्दों का उद्देश्य जमशेदपुर और पूर्वी सिंहभूम में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना, औद्योगिक विकास को गति देना और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।












